नकली शराब पीने से दो की मौत
भुवनेश्वर। भुवनेश्वर से ५५ किलोमीटर दूर कटक जिले में शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर है।
सलिपुर थाना के प्रभारी अर्जुन बारिक ने आज यहां बताया कि शनिवार की रात को यात्रा के दौरान करीब २० लोगों ने बिजय कांडी से शराब खरीदकर पी थी। इनमें से रामचंद्र कांडी और रामा तारी की कल इलाज के दौरान मौत हो गयी, जबकि संतोष कांडी को एससीबी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बतायी जा रही है। रामंचद्र और संतोष दोनों ही बिजय कांडी के बेटे हैं। श्री बारिक ने बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि जिन दो लोगों की मौत हुई है, वे अधिक पीने से मरे हैं या शराब ही जहरीली थी, क्योंकि उसी से शराब खरीदकर पीने वाले अन्य ग्रामीणों की तबीयत ठीक है। बिजय कांडी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है वह सीलबंद विदेशी शराब की बोतले कहां से लाया था।
