जहरीली शराब पीने से दस की मौत
बुलंदशहर। बुलंदशहर जिले के मीरपुर गांव में जहरीली शराब पीने से एक महिला सहित दस लोगों की मौत हो गयी, जबकि छह अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है। मेरठ कमिश्नरी के मंडलायुक्त और आईजी जोन ने घटनास्थल का मुआयना कर उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिये हैं।
मेरठ मंडल के आयुक्त श्रवण कुमार शर्मा ने बताया कि मीरपुर के एक ईंट भट्टे के मजदूरों ने कल शाम कच्ची शराब पी थी। शराब पीने के कुछ देर बाद ही मजदूरों की तबीयत बिग़डने लगी।
उन्होंने बताया कि इनमें से राकेश, राम किशन, शिवचरण और मेघराज ने कल रात ही दम त़ोड दिया, जबकि रूपचन्द्र, सुन्दर और जगन की आज सुबह आठ बजे बुलंदशहर के राजकीय चिकित्सालय में मौत हो गई। इसके बाद गांव के ही अरविन्द, खिलौना और एक महिला ओमवती ने लगभग ११ बजे दम त़ोड दिया।
मंडलायुक्त ने बताया कि आज शाम बुलंदशहर में लगने वाली जिला कृषि उद्योग एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी का उनको उद्घाटन करना था, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए इसे कल तक के लिए टाल दिया गया है।
