ढिल्लों ने कहा दुर्घटनावश गुरशन को लगी थी चोट
मेलबर्न,। तीन साल के गुरशन सिंह चन्ना की मृत्यु में आरोपित गुरसेवक ढिल्लों ने कथित रूप से आस्ट्रेलियाई पुलिस से कहा है कि जब वह घर का दरवाजा बंद कर रहा था, तो दुर्घटनावश बच्चे को चोट लग गई थी। दैनिक ‘द एज’ की एक रिपोर्ट के अनुसार २३ साल के ढिल्लों ने बच्चे के शव को फेंकने की बात स्वीकार की, लेकिन इससे इंकार किया कि उसने जान बूझकर उसे चोट पहुंचाई।
ढिल्लों ने पुलिस को बताया कि लालोर के डेविड स्ट्रीट में घर में बच्चे को दुर्घटनावश चोट लग गई और वह बेहोश हो गया। ढिल्लों वहां गुरशान के परिवार के साथ ठहरा था। उसने दावा किया कि वह दहशत में आ गया और उसने बेहोश बच्चे को एक कार की बूट में डाल दिया और फिर तीन घंटे तक यहांवहां घूमता रहा। इसके बाद उसने बच्चे को २० किलोमीटर दूर ओकलैंड्स जंक्शन में फेंक दिया और उसने यह भी नहीं देखा कि वह जिंदा है या मर चुका है। बहरहाल, विक्टोरिया की पुलिस ने बताया कि अगर बच्चे को कार की बूट में डालने के बजाय समय पर बुनियादी प्राथमिक चिकित्सा मिली होती, तो उसे बचाया जा सकता था।
