तेलंगाना पर कल निजी विधेयक पेश करेगी भाजपा
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राजीव प्रताप रूडी पृथक तेलंगाना के गठन को लेकर शुक्रवार को एक निजी विधेयक पेश करने जा रहे हैं। इस विधेयक में कहा गया है कि तेलुगुभाषियों को एकजुट करने के लिए वर्ष १९५६ में आंध्र प्रदेश राज्य का गठन किया गया था, लेकिन गलत नीतियों के कारण शिक्षा, सिंचाई संसाधन, रोजगार, विकास के मामले में कुछ क्षेत्रों की अनदेखी होती रही। विधेयक के अनुसार पिछ़डेपन ने तेलंगानावासियों के मन में विभाजन की भावना जगा दी है। वर्ष १९६९ से तेलंगाना क्षेत्र के लोग पृथक राज्य की मांग कर रहे हैं। विधेयक में कहा गया है कि हैदराबाद, रंगारेड्डी, महबूबनगर, मेदक, नलगोंडा, खम्मम, वरंगल, करीमनगर, आदिलाबाद तथा निजामाबाद जिले तेलंगाना क्षेत्र में आते हैैं। केंद्र सरकार इन १० जिलों में से नौ को पिछ़डा जिला घोषित कर चुकी है। विधेयक में दावा किया गया है कि तेलंगाना में प्राकृतिक संसाधनों का पर्याप्त भंडार होने के बावजूद यहां के लोगों को उनका लाभ नहीं पहुंच रहा है।
