भारत ने पादरी की योजना की भर्त्सना की
नई दिल्ली। फ्लोरिडा में एक चर्च और उसके पादरी द्वारा कुरान जलाए जाने की योजना की केंद्र ने आज क़डी निंदा करते हुए अमेरिका से कहा कि वह अपने यहां ऐसी ‘वीभत्स और उपद्रवी’ घटना होने से रोके। साथ ही उसने देश के मीडिया से अपील की कि वह शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में मदद करने के लिए इस घटना से संबंधित कोई भी तस्वीर या दृश्य प्रकाशितप्रसारित नहीं करे। गृह मंत्री पीचिदबंरम ने कैबिनेट की बैठक के बाद संवाददाताआें से बातचीत के दौरान कहा, ‘हम कुरान जलाने की अमेरिका के इस पादरी की योजना की निंदा करते हैं। अपने आपको धार्मिक कहने वाले किसी व्यक्ति द्वारा इस तरह की हरकत करना सर्वथा अनुचित है। हमें उम्मीद है कि अमेरिकी शासन ऐसे वीभत्स और उपद्रवी कृत्य को रोकने के लिए क़डी कार्रवाई करेगा।’
गौरतलब है कि अमेरिका में २००१ में हुए आतंकी हमले की बरसी के दिन ११ सितंबर को फ्लोरिडा के एक छोटे चर्च और उसके पादरी टेरी जोंस ने कुरान की प्रतियां जलाने की घोषणा की है। चिदबंरम ने कहा कि अमेरिका सहित दुनिया के तमाम नेताआें ने पादरी की कुरान जलाने की घोषणा की निंदा की है। उन्होंने कहा, ‘हम इस संबंध में अमेरिकी शासन की कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं और भारत में प्रिंट तथा इलेक्ट्रानिक मीडिया से अपील करते हैं कि वे ऐसे किसी निंदनीय कृत्य की तस्वीर और दृश्य प्रकाशितप्रसारित नहीं करे।’ चिदंबरम ने कहा कि अमेरिकी पादरी की यह निंदनीय कार्रवाई दुनिया में धार्मिक समूहों के बीच कटुता और दूरी ही ब़ढाएगी। उन्होंने कहा, ‘हम मीडिया से अपील करते हैं कि वह अगले कुछ दिनों तक अत्यधिक संयम बरत कर देश में साम्प्रदायिक शांति और सौहार्द बनाए रखने में मदद करे।
