मोगादिशु में हवाई अड्डे पर हमला, सात मरे
मोगादिशु । एक आत्मघाती कार बम हमलावर और एक वाहन में सवार हथियारबंद उग्रवादियों ने आज मोगादिशु के समुद्र किनारे स्थित हवाई अड्डे के मुख्य प्रवेश द्वार पर हमला किया, जिसके बाद हुए विस्फोट और गोलीबारी में छह सुरक्षा कर्मियों सहित कमसेकम सात लोग मारे गये।
अधिकारियों ने बताया कि इस्लामी उग्रवादियों के ब़ढते हमलों की यह ताजा घटना है। उग्रवादियों ने देश की कमजोर सरकार को उख़ाड फेंकने के लिए पिछले माह नये तरीकों से हमले तेज करने का ऐलान किया था। हवाई अड्डे पर तैनात पुलिस अधिकारी उस्मान दाहिर ने बताया कि कार में हुए विस्फोट के बाद दूसरे वाहन में आये उग्रवादियों ने अफ्रीकी संघ और सोमाली सुरक्षाबलों के जवानों पर गोलियां दागनी शुरू कर दी। यह हमला सोमालिया के राष्ट्रपति के देश से बाहर जाने के करीब ४० मिनट बाद हुआ।
पुलिस के एक अधिकारी उस्मान दाहिर ने बताया कि पहले कार बम विस्फोट हुआ और फिर एक वाहन में बैठे उग्रवादियों ने अफ्रीकी संघ और सोमाली सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। उसने बताया कि हवाई अड्डे के सामने उग्रवादियों के कई शव प़डे हैं, लेकिन उसने यह नहीं बताया कि कितने शव हैं। सोमालिया सेना के अधिकारी अब्दुल रहमान युसूफ ने बताया कि आत्मघाती हमलावर की कार को हवाई अड्डे में प्रवेश करने से पहले अफ्रीकी संघ के जवानों ने प्रवेश द्वार पर ही रोक दिया। सोमालिया की कमजोर सरकार को उख़ाड फेंकने की अलकायदा से ज़ुडे अल शबाब के उग्रवादियों की कोशिश को नाकाम करने के लिए अफ्रीकी संघ के ७००० कर्मी राष्ट्रपति आवास तथा हवाई अड्डे जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर तैनात हैं। युसूफ ने बताया कि उसका मानना है कि प्रवेश द्वार के पास ख़डी दो महिलाएं मारी गयीं, जबकि एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। तत्काल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन समझा जाता है कि सोमालिया के सबसे खतरनाक उग्रवादी संगठन अलशबाब का इसके पीछे हाथ है।
