नई दिल्ली। जरा शाहरुख खान अभिनीत फिल्म स्वदेश को याद करिए। इसमें शाहरुख सभी सुविधाओं युक्त बसनुमा वाहन कारवां को लेकर एक गांव में प्रवास के लिए जाते हैं। अगर आपकी जेब में पैसे हैं तो आप भी ऐसा ही कारवां लेकर सफर पर निकल सकते हैं।
इसका चलन विदेश में ज्यादा है। उच्च वर्ग व विदेशी पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए पर्यटन मंत्रालय अब भारत में भी कारवां की सुविधा शुरू करने की योजना बना रहा है। कारवां में बाथरूम, बार रूम व स्टडी रूम के साथ-साथ बेडरूम की सुविधा भी होती है।
योजना के आरंभिक चरण में मंत्रालय मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में कारवां की सुविधा शुरू करने की सोच रहा है। पर्यटन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमने प्रदेश सरकारों के लिए कारवां नीति को अंतिम रूप दे दिया है। इसके तहत पर्यटकों को पूर्णतया वातानुकूलित वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे जिनमें वाई-फाई, मिनी बार, टीवी और बिस्तरों की सुविधाएं होंगी।
मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के एमडी अश्विनी लोहानी ने कहाकि हमने जनवरी में पहले रूट के तौर पर भोपाल-तवा-पचमढ़ी को शुरू करने की योजना बनाई है। इसके बाद ग्वालियर-ओरछा- शिवपुरी- खजुराहो और इंदौर-ओंकारेश्वर-महेश्वर-मांडू रूट पर कारवां चलाए जाएंगे। कारवां से पर्यटकों को होटल और रेल टिकट बुकिंग समेत कई अन्य परेशानियों से निजात मिल सकेगी। मध्य प्रदेश के अलावा प्राथमिक चरण में दिल्ली-जयपुर-आगरा, दिल्ली-जयपुर-अजमेर-पुष्कर और दिल्ली-सरिस्का-रणथंभौर रूटों पर भी कारवां वाहन चलाने की संभावना जताई जा रही है।
