राहुल को काले झंडे दिखायेंगे शिवसैनिक
मुंबई। शिवसेना की आलोचनाआ की परवाह किये बिना कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप कल मुंबई का दौरा करेंगे और यहां छात्रों और झुग्गियों में रहने वाले युवकों से बातचीत करेंगे।
उधर, शिवसेना ने राहुल के खिलाफ विरोध जारी रखते हुए अपने कार्यकर्ताआ से कल कांग्रेस नेता के मुंबई आगमन पर उन्हें काले झंडे दिखाने को कहा है। राहुल का यह दौरा शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के कांग्रेस नेता के दौरे के समय को लेकर उठाये जा रहे सवाल के बीच हो रहा है।
उद्धव ने कहा है, ‘उन्हें इस वक्त यहां आने क्या जरूरत है। हो सकता है कि बिहार में चुनाव हों, लेकिन हम मुंबई और मराठी गौरव के खिलाफ कोई बयानबाजी बर्दाश्त नहीं करेंगे।’ प्रवासी मुद्दे पर शिवसेना को फटकारते हुए राहुल ने अपने बिहार दौरे के समय कहा था कि भारत सभी भारतीयों के लिए है और लोगों को देश में कहीं भी जाने का पूरा अधिकार है। राहुल को अपने बयान के लिए शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे का भी निशाना बनना प़डा है।
ठाकरे ने ‘मुंबई सब के लिए है’ की राहुल की टिप्पणी पर कहा है कि कांग्रेसी नेता ‘पूरी तरह हताश’ हो चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि शिवसेना ‘मराठी गौरव’ के खिलाफ कुछ भी बर्दाश्त नहीं करेगी। ठाकरे ने राहुल की मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विदेशी मूल पर निशाना साधते हुए कहा है, ‘मुंबई सभी भारतीयों की हो सकती है, लेकिन यह इटालियन मम्मी की कैसे हो सकती है।’ राहुल गांधी मुंबई के अपने संक्षिप्त दौरे में कल यहां विले पार्ले के भाईदास हाल में कॉलेज छात्रों से बातचीत करने के बाद घाटकोपर के रामाबाई नगर झुग्गी झोप़डी कालोनी में रहने वाले युवकों से मुलाकात करेंगे।
