राहुल का शिवसेना को करारा जवाब
मुंबई। शिवसेना को करारा जवाब देते हुए राहुल गांधी ने आज मुंबई की दो उपनगरीय ट्रेनों में यात्रा की। महानगर की अपनी संक्षिप्त यात्रा के दौरान वह सुरक्षा को लेकर मौजूद खतरों की परवाह न करते हुए शिवसेना के ग़ढ में भी घूमे।
गौरतलब है कि मुंबई को सभी की बताने की राहुल की टिप्पणी के खिलाफ शिवसेना के विरोध प्रदर्शन के तहत बाल ठाकरे ने सभी पार्टी कार्यकर्ताआें को निर्देश दिये थे कि ‘इतालवी युवराज’ का काले झंडों से स्वागत किया जाये।
इस बात से झुके बिना कांग्रेस महासचिव ने शिवसेना प्रमुख के निर्देशों का तब करारा जवाब दिया, जब वह शहर में यात्रा के अपने दूसरे और आखिरी कार्यक्रम के तहत घाटकोपर की एक गरीब बस्ती में गये। जिस समय वह घाटकोपर में थे, उस समय हेलीकॉप्टर उनका इंतजार कर रहा था।
शिवसेना की धमकी से विचलित हुए बिना राहुल कॉलेज के विद्यार्थियों को संबोधित करने के बाद उपनगर विले पार्ले से घाटकोपर की यात्रा के दौरान अचानक अपने वाहन से उतरे और काफिले को छ़ोडकर पश्चिमी रेलवे के अंधेरी रेलवे स्टेशन में प्रवेश कर गये। वहां से वह दादर जा रही लोकल ट्रेन में बैठे। इस तरह की भी खबरें हैं कि राहुल एक एटीएम में भी गये।
राहुल ने विरार से दादर जा रही ट्रेन में आम जनता के साथ द्वितीय श्रेणी में यात्रा कर लोगों को खुश कर दिया, लेकिन उनकी इस औचक ट्रेन यात्रा से सुरक्षाकर्मी पसोपेश में प़ड गये। वह १५ मिनट की यात्रा कर दोपहर एक बजकर १५ मिनट पर दादर पहुंचे। दादर रेलवे स्टेशन आने के बाद राहुल ने पुल पार किया और सेंट्रल लाइन पर घाटकोपर जा रही एक और लोकल ट्रेन में बैठे।
रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि दादर से चार स्टेशन दूर घाटकोपर पहुंचने के लिये वह कल्याण जा रही लोकल ट्रेन के प्रथम श्रेणी के डिब्बे में बैठे। राहुल ने उन यात्रियों को ऑटोग्राफ भी दिये, जो युवा नेता को अचानक अपने बीच देखकर स्तब्ध हो गये थे। चार घंटे की मुंबई यात्रा के बाद राहुल पुड्डुचेरी के लिये रवाना हो गये।
