कीमतों पर नियंत्रण के लिए मुख्यमंत्रियों की समिति बनेगी
नई दिल्ली। खाद्य सामग्रियों की कीमतों पर नियंत्रण के लिए केन्द्र ने आज मुख्यमंत्रियों और केन्द्रीय मंत्रियों की एक समिति गठित करने का फैसला किया है। यह समिति सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को दुरुस्त करने सहित कीमतों पर काबू के लिए उपाय सुझाएगी।
इस उच्चस्तरीय समिति को गठित करने का फैसला केन्द्र सरकार द्वारा ब़ढती खाद्य मुद्रास्फीति से निपटने के लिए आयोजित मुख्यमंत्रियों की बैठक की समाप्ति के बाद लिया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधानमंत्री डॉमनमोहन सिंह ने कहा, ‘जहां हमने गरीबों की आय को संरक्षित करने का बेहतर प्रयास किया, वहीं हम खाद्य कीमतों के मोर्चे पर कम सफल रहे हैं। चीनी, दलहन और सब्जियों जैसी आवश्यक सामग्रियों की ब़ढती कीमतों के कारण खाद्य मुद्रास्फीति दिसंबर में एक दशक के उच्चत्तम स्तर यानी करीब २० प्रतिशत के स्तर को छू गई। हालांकि जनवरी में कीमतें मामूली नरम हो गयीं।
