मोहाली। नागपुर में पहले मैच में शर्मनाक हार के बाद भारतीय टीम शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ दूसरा और आखिरी ट्वंटी 20 मैच जीतकर सीरीज बराबर करने के लिए क्षेत्ररक्षण और गेंदबाजी के स्तर में काफी सुधार करना होगा।
भारतीयों ने नागपुर मैच में खेल के सभी विभागों में खराब प्रदर्शन किया जिससे उसे 29 रन से पराजय झेलनी पड़ी थी। भारतीय खिलाड़ियों ने ऐसी गलतियां की जिसकी शीर्ष अंतरराष्ट्रीय टीम से अपेक्षा नहीं की जाती। क्षेत्ररक्षण ढीला था तो गेंदबाजी और बल्लेबाजी में भी दम नहीं था। इसे ध्यान में रखकर टीम प्रबंधन कल पीसीए स्टेडियम पर होने वाले मैच में कुछ बदलाव कर सकता है। डायरिया के कारण पहले मैच से बाहर रहे तेज गेंदबाज एस श्रीसंथ की टीम में वापसी होगी जो बंगाल के तेज गेंदबाज अशोक डिंडा की जगह लेंगे। भारतीय टीम यूसुफ पठान को भी बाहर रख सकती है जो पहले मैच में कुछ नहीं कर पाए।
दूसरी ओर श्रीलंकाई टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरेगी। पहले मैच में कुमार संगकारा ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए 37 गेंद में 78 रन बनाए थे। श्रीलंका के पास शीर्ष क्रम में सनथ जयसूर्या और तिलकरत्ने दिलशान जैसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं जो रंगत में होने पर किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की बखिया उधेड़ सकते हैं। मध्यक्रम में उनके पास महेला जयवर्धने जैसे बल्लेबाज हैं जबकि निचले क्रम में चामरा कापूगेदारा और एंजेलो मैथ्यूज खतरनाक साबित हो सकते हैं। उंगली की चोट के कारण मुथैया मुरलीधरन पहला मैच नहीं खेल सके थे। अब यह देखना होगा कि वह कल खेल पाते हैं या नहीं।
ट्वंटी 20 क्रिकेट में भारत के लगातार खराब प्रदर्शन से चिंतित महेंद्र सिंह धौनी लगातार हार का सिलसिला तोड़ने को बेताब हैं। कल के मैच में टॉस की भूमिका अहम होगी क्योंकि सुबह की ओस निर्णायक साबित हो सकती है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुनना चाहेगी क्योंकि बाद में गेंद पर पकड़ बनानी मुश्किल हो जाएगी। मोहाली की पिच से गेंदबाजों को गति और उछाल मिलती आई है और इस बार भी कुछ अलग नहीं होगा।
टीमें:
भारत: महेंद्र सिंह धौनी [कप्तान], वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, युवराज सिंह, सुरेश रैना, रोहित शर्मा, दिनेश कार्तिक, यूसुफ पठान, आर अश्विन, ईशांत शर्मा, आशीष नेहरा, एस श्रीसंथ, अशोक डिंडा, सुदीप त्यागी और प्रज्ञान ओझा।
श्रीलंका: कुमार संगकारा [कप्तान], तिलकरत्ने दिलशान, चिंताका जयसिंघे, सनथ जयसूर्या, महेला जयवर्धने, चामरा कापूगेदारा, नुवान कुलशेखरा, लेसिथ मलिंगा, एंजेलो मैथ्यूज, अजंथा मेंडिस, मुथैया मुरलीधरन, एम पुष्पकुमारा, दिलहारा फर्नाडो, कौशल वीररत्ने और चनका वेलगेदारा।
