बॉलीवुड की नामचीन हीरोइनें भी जहां हॉलीवुड फिल्में साइन करने के लिए तरसती रहती है, वहीं दीपिका पादुकोण इस मामले में अपवाद है। दीपिका कहती हैं कि उन्हें हॉलीवुड फिल्मों से कोई परहेज नहीं है, लेकिन उन्हें हॉलीवुड फिल्में करने की कोई बेताबी भी नहीं है। हां, अगर किसी हॉलीवुड फिल्म में दमदार भूमिका मिली और फिल्म की स्क्रिप्ट पसंद आई तो वह फिल्म अवश्य करूंगी। वैसे बॉलीवुड का यह दस्तूर रहा है और यहां की हीरोइनों की यह धारणा भी रही है कि यदि उन्होंने एक हॉलीवुड फिल्म भी कर ली, भले ही उसमें उनके करने लायक कुछ न हो, तो उनका कद उनकी समकालीन अभिनेत्रियों से कई गुना ऊंचा हो जाएगा, लेकिन दीपिका की सोच इससे अलग है। हालांकि दीपिका को पिछले दिनों एक हॉलीवुड फिल्म का ऑफर भी मिला था और उस फिल्म की स्क्रिप्ट के साथसाथ दीपिका को फिल्म में अपना किरदार भी बहुत पसंद आया था, लेकिन किन्हीं कारणों से बात आगे नहीं ब़ढ सकी किन्तु दीपिका को यह फिल्म हाथ से जाने का कोई मलाल नहीं है, क्योंकि बॉलीवुड फिल्मों में आज दीपिका की जबरदस्त डिमांड है और उन्हें मुंहमांगे पारिश्रमिक पर ब़डे बजट की बेहतरीन फिल्मों के ऑफर लगातार मिल रहे हैं। इस बारे में दीपिका कहती है कि आज बॉलीवुड फिल्मों में भी हीरोइनें महज शोपीस नहीं रही है, बल्कि उन्हें भी सशक्त भूमिकाएं मिलने लगी है और चूंकि बॉलीवुड फिल्मों में उन्हें भी बेहतरीन रोल मिल रहे हैं, इसलिए उनकी हॉलीवुड फिल्मों में कोई खास दिलचस्पी नहीं है। दीपिका कहती है कि कोई भी हॉलीवुड फिल्म वह तभी करेंगी, जब उस फिल्म की स्क्रिप्ट वजनदार होने के साथसाथ फिल्म में उनका रोल भी दमदार होगा।
