गेंदबाजों में दमखम होने की वजह से फालोआन दिया : स्टेन
नागपुर । दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ग्रीम स्मिथ ने भारत को फालोआन देने का फैसला अपने गेंदबाजों के आश्वासन के बाद ही किया, जिन्होंने कहा था कि घरेलू टीम के बल्लेबाजों को समेटने के लिये अब भी उनके अंदर काफी दमखम मौजूद है। फार्म में चल रहे डेल स्टेन ने आज यहां इस बात की जानकारी दी।
पहले टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के छह विकेट पर ५५८ रन पर घोषित करने के बाद भारतीय टीम पहली पारी में २३३ रन पर सिमट गयी, जिसमें स्टेन मुख्य विध्वंसक गेंदबाज रहे। उन्होंने ५१ रन देकर सात विकेट चटकाये। इस तेज गेंदबाज ने कहा कि गेंदबाज थके नहीं थे, इसलिये उन्होंने भारत को दोबारा बल्लेबाजी के लिये उतारने का फैसला किया।
स्टेन ने कहा कि भारत की पहली पारी के समाप्त होने के बाद हमारे सभी खिल़ाडी मैदान पर ही मिले। बल्लेबाजों ने हमसे कहा कि हम ३०० से ज्यादा रन आगे हैं और क्या गेंदबाजों में २६२७ ओवर करने के लायक ऊर्जा बची है। इस २६ वर्षीय गेंदबाज ने आज अपने कैरियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के बाद कहा कि हमने कहा कि हम अभी थके नहीं हैं। दूसरी पारी में दो विकेट चटकाना ब़ढया रहा। हमने उन्हें बता दिया था कि हमारे अंदर काफी ऊर्जा मौजूद है। स्टेन ने कहा कि उनके साथी यहां की परिस्थितियों से सामंजस्य बिठा चुके हैं, जिससे उन्हें काफी मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि हम इस तरह के विकेट के बारे में बात कर रहे थे। हम जल्द से जल्द खुद को हालातों के मुताबिक ढालना चाहते थे। हमने सही लाइन लेंथ से गेंदबाजी की।
अपनी विधवसक गेंदबाजी प्रदर्शन के बारे में स्टेन ने विनम्रता बरतते हुए कहा कि चाय के बाद गेंद बदलने से काफी मदद मिली। उन्होंने कहा कि कभी कभी आप अपनी जिदंगी की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हो, लेकिन विकेट नहीं हासिल कर पाते। कभी कभार ऐसे भी दिन होते हैं जब आप गेंदबाजी करते हो और आपको विकेट मिल जाते हैं। यही क्रिकेट होता है। स्टेन ने कहा कि गेंद की सीम खुल गयी थी, इसलिये गेंद बदली गयी। हमने चाय के बाद वापसी की और गेंद से हमें काफी मदद मिली। यह अच्छी बात थी और हमारे पक्ष में गयी।
