टीम इंडिया व गंभीर की बादशाहत खतरे में
दुबई। दक्षिण अफ्रीका के हाथों पहले टेस्ट मैच में करारी हार से सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि इस मैच में लचर प्रदर्शन करने वाले सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर की बादशाहत भी खतरे में प़ड गयी है, जबकि ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह आईसीसी की ताजा रैंकिंग में शीर्ष दस से बाहर हो गये हैं।
कप्तान ग्रीम स्मिथ को छ़ोडकर दक्षिण अफ्रीका के अन्य खिला़डयों को इस मैच से फायदा हुआ। मैच में दस विकेट लेने वाले डेल स्टेन ने जहां गेंदबाजी तालिका में अपनी शीर्ष रैंकिंग को मजबूती प्रदान की। वहीं नाबाद २५३ रन की पारी खेलने वाले हाशिम अमला अपने कैरियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग के साथ चोटी के दस, जबकि जैक्स कैलिस (१७३ रन) शीर्ष पांच में बल्लेबाजों में शामिल हो गये हैं। फिरकी गेंदबाज पॉल हैरिस ने भी शीर्ष दस गेंदबाजों में सूची में नाम लिखवा लिया है।
नागपुर टेस्ट में भाग लेने से पहले गंभीर ८८२ रेटिंग अंक के साथ चोटी पर थे, लेकिन इस मैच में १२ और एक रन बनाने से उन्हें ४२ रेटिंग अंक का नुकसान हुआ और अब उनके और दूसरे स्थान पर काबिज श्रीलंकाई महेला जयवर्द्धने के बीच केवल चार, जबकि पांचवें स्थान पर काबिज स्मिथ के बीच १७ रेटिंग अंक का अंतर रह गया है।
भारत को जहां टेस्ट तालिका में शीर्ष पर बने रहने के लिये कोलकाता में १४ फरवरी से शुरू होने वाला दूसरा टेस्ट मैच हर हाल में जीतना होगा, वहीं गंभीर को भी नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज की पदवी बरकरार रखने के लिए ईडन गार्डन्स पर रन जुटाने होंगे। उनके अलावा वीरेंद्र सहवाग (छठे) व सचिन तेंदुलकर (नौवें) दोनों शीर्ष दस में शामिल भारतीय बल्लेबाज हैं और पहले मैच में शतक जमाने के बावजूद इनकी रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं आया है।राहुल द्रव़िड (१५) और वीवीएसलक्ष्मण (१६) चोटिल होने के कारण इस मैच में नहीं खेल पाये थे और ये दोनों एक एक पायदान नीचे खिसक गये हैं।
दक्षिण अफ्रीका के अमला ने हालांकि लंबी छलांग लगायी है। भारतीय मूल का यह बल्लेबाज नाबाद दोहरा शतक जमाने के कारण १३ स्थान के फायदे के साथ दसवें नंबर पर पहुंच गया है। उनके कुल ७७५ रेटिंग अंक हैं, जो उनकी अब तक की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग भी है। अमला के साथ ३४० रन की साझेदारी निभाने वाले कैलिस चार पायदान च़ढकर जयवर्द्धने और कुमार संगकारा के बाद चौथे स्थान पर पहुंच गये हैं। कप्तान स्मिथ एकमात्र पारी में केवल छह रन बना पाये और वह तीन पायदान नीचे पांचवें स्थान पर खिसक गये। एबी डिविलियर्स एक पायदान ऊपर १५वें नंबर पर काबिज हो गये हैं।
गेंदबाजी रैंकिंग में भारतीय गेंदबाजों में खासा नुकसान हुआ। हरभजन चार स्थान नीचे १२वें नंबर पर खिसक गये और इस तरह से जहीर खान (छठे) शीर्ष दस में अकेले भारतीय गेंदबाज रह गये हैं। उन्होंने तीन विकेट लेकर अपना छठा स्थान बरकरार रखा है। मैच में एक भी विकेट नहीं लेने वाले इशांत शर्मा सात पायदान नीचे २२वें और अमित मिश्रा छह स्थान नीचे ४९वें नंबर पर फिसल गये हैं। दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज डेल स्टेन ९०० की जादुई रेटिंग छूने के करीब पहुंच गये हैं। वह मैच से पहले ८५२ रेटिंग अंक के साथ चोटी पर काबिज थे, लेकिन अब उनके ८९१ रेटिंग अंक हो गये हैं। हैरिस तीन पायदान च़ढकर नौवें, जबकि मोर्ने मोर्कल पहले की तरह सातवें स्थान पर कायम हैं।
