धोनी,लक्ष्मण व इशांत ने किया जमकर अभ्यास
नागपुर,। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में करारी हार झेलने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कुछ सदस्यों ने नेट पर जमकर अभ्यास किया। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और चोटिल होने के कारण पहला टेस्ट नहीं खेलने वाले लक्ष्मण सहित कुछ खिला़डयों ने जामथा के वीसीए स्टेडियम में अभ्यास किया।
आज पहले टेस्ट मैच का पांचवां दिन था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने कल ही पारी और छह रन से जीत दर्ज कर दी थी। धोनी व लक्ष्मण के अलावा बद्रीनाथ, मुरली विजय, प्रज्ञान ओझा, अमित मिश्रा और इशांत शर्मा ने भी अभ्यास किया। लक्ष्मण को लेकर तब चिंता ब़ढ गयी, जब बायें हाथ के स्पिनर ओझा की गेंद से उन पर चोट लग गयी, लेकिन वह कुछ देर विश्राम करने के बाद वापस लौट आये। सूत्रों के अनुसार सचिन तेंदुलकर और जहीर खान इस बीच, मुंबई रवाना हो गये जहां से ईडन गार्डन्स में होने वाले दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच के कोलकाता जाएंगे।
