चैंपियंस लीग की तारीख तय करने से पहले ईसीबी से सलाह ली गयी थी : मोदी
नई दिल्ली। चैंपियंस लीग के आयुक्त ललित मोदी ने आज उन आरोपों को खारिज किया कि टी२० टूर्नामेंट की तारीखों को अंतिम रूप देने के लिये इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड से सलाह नहीं ली गयी और उन्होंने ईसीबी को अपने काउंटी कार्यक्रम में थ़ोडा फेरबदल करने का सुझाव दिया।
मोदी ने कल घोषणा की थी कि इस साल की चैंपियंस लीग १० से २६ सितंबर को आयोजित की जायेगी। हालांकि इसके आयोजन स्थलों का फैसला अभी तक नहीं किया गया है। इसकी तारीखे इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप और इसकी नयी ४० ओवर की लीग के साथ प़ड रही है, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ उनकी (इंग्लैंड की) वनडे श्रृंखला भी इसी दौरान प़डेगी। ईसीबी ने एक बयान में कहा कि चैंपियंस लीग की तारीखों को अंतिम रूप देने से पहले उनसे बातचीत नहीं की गयी, लेकिन मोदी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया।
मोदी ने कहा कि यह सच नहीं है। उन्होंने कहा कि चैंपियंस लीग की संचालन परिषद के सदस्य डिन किनो ईसीबी के मुख्य कार्यकारी डेविड कोलियर से दिसंबर २००९ से लगातार संपर्क में थे। ईसीबी इस बात से काफी खफा है कि चैंपियंस लीग उसके दोनों घरेलू टूर्नामेंट के साथ प़ड रही है, इसके बारे में मोदी ने सुझाव दिया कि वह इन्हें (घरेलू टूर्नामेंटों को) थ़ोडा पहले कर सकता है। मोदी ने कहा कि हमें उम्मीद है कि ईसीबी अपने घरेलू टूर्नामेंट को थ़ोडा पहले आयोजित कर लेगा और अपने कार्यक्रम में थ़ोडा फेरबदल कर इस टूर्नामेंट में शिरकत कर लेगा। उन्होंने कहा कि टी२० लीग का कार्यक्रम तय करना हमेशा एक पेचीदा काम रहता है और इसके लिये भविष्य दौरा कार्यक्रम (एफटीपी) को भी ध्यान में रखना होता है।
मोदी ने कहा कि आस्ट्रेलिया का भारत का दौरा भी दो अक्टूबर को शुरू होगा और अन्य देशों की भी एफटीपी के अनुसार पूर्व प्रतिबद्धता है। इस साल केवल यही विंडो उपलब्ध थी। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, हम हमेशा सभी देशों को इसमें शामिल करने की कोशिश करते हैं। चैंपियंस लीग की संचालन परिषद ने सभी संभावनाआें को देखते हुए फैसला किया कि सिर्फ यही तारीखें उपलब्ध थी।
