हम रैकिंग के चक्कर में नहीं : डिविलियर्स
कोलकाता। दक्षिण अफ्रीका की टीम टेस्ट क्रिकेट में विश्व में नंबर एक स्थान हासिल करने से केवल एक ड्रा दूर हैं, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने आज कहा दौरा करने वाली टीम के लिये आईसीसी रैंकिंग से ज्यादा महत्वपूर्ण श्रृंखला में जीत दर्ज करना होगी। उन्होंने कहा कि दअफ्रीका की टीम लय में है और श्रृंखला जीतने पर ध्यान लगाये है।
डिविलियर्स ने कहा कि हम आईसीसी रैंकिंग के बारे में ज्यादा चिंतित नहीं है। निश्चित रूप से विश्व की नंबर एक टेस्ट टीम बनना शानदार होगा, लेकिन हमारा मुख्य लक्ष्य भारत में श्रृंखला जीतना है। हम यहां ब़ढया क्रिकेट खेलने आये हैं। डिविलियर्स ने कहा कि हम इस समय निश्चित रूप से ब़ढया क्रिकेट खेल रहे हैं। हम विश्व क्रिकेट में दबदबा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। क्रिकेट लय में बने रहने और आत्मविश्वास का खेल है। हमने जोहानिसबर्ग टेस्ट में जीत दर्ज करने के बाद नागपुर में भी टेस्ट मैच जीता, जिससे हमने लगातार दो टेस्ट जीत लिये हैं। उन्होंने ईडन की पिच पर हुए विवाद पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया, माना जा रहा है कि बीसीसीआई अपने स्पिनरों के मुफीद पिच बनाना चाहता था। डिविलियर्स ने कहा कि इस समय विकेट पर थ़ोडी घास है। मुझे पूरा भरोसा है कि वे अगले ४८ घंटों में घास काट देंगे। लेकिन इस पर फैसला करना मैदानकर्मियों का काम है। हमारा इस पर कोई नियंत्रण नहीं है।
अपने पसंदीदा मैदान पर वीवीएस लक्ष्मण की वापसी के बारे में पूछने पर डिविलियर्स ने कहा कि वह शानदार खिल़ाडी है। उसने पिछले कुछ साल में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। हमने उसे रोकने के लिये रणनीति बनाई है। उन्होंने कहा कि लेकिन हम अपने खेल और ताकत पर ही फोकस कर रहे हैं। हम भारत को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं हैं। भारतीय टीम बेहतरीन है, लेकिन हम अपने प्रतिद्वंद्वी को लेकर ज्यादा फिक्रमंद नहीं होते।
डिविलियर्स ने कहा कि नागपुर में शर्मनाक हार के बाद भारतीय टीम धमाकेदार वापसी की तैयारी से उतरेगी। उन्होंने कहा कि ईडन गार्डन पर यह क़डी चुनौती होगी। मुझे यकीन है कि भारत वापसी करेगा, लेकिन हमारी टीम स्पिरिट जबर्दस्त है और हम ईडन गार्डन पर भी जीत के इरादे से ही उतरेंगे। उन्होंने कहा कि हम अपनी रणनीति पर पूरा अमल करेंगे। जब टीम जीत की राह पर हो तो इसमें बदलाव करने की कोई जरूरत नहीं है।
