हैदराबाद में नहीं होंगे आईपीएल के मैच
हैदराबाद। तेलंगाना मुद्दे पर बिग़डे राजनीतिक माहौल की वजह से अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल३) के मैच हैदराबाद में नहीं होंगे। तेलंगाना राज्य की मांग को लेकर पिछले दो महीने से हैदराबाद में राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है और किसी प्रकार की अनहोनी न हो, इसलिए आईपीएल के उद्घाटन मैच को यहां से स्थानांतरित कर मुंबई ले जाया गया और अब स्थिति में कोई सुधार की संभावना न होते देख आईपीएल प्रशासन ने यहां होने वाले सभी मैचों को स्थानांतरित करने का फैसला लिया है।
आईपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर रमन ने कहा कि हैदराबाद में अब आईपीएल का कोई मैच नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यहां होने वाले मैच अब अन्यत्र आयोजित होंगे।टूर्नामेंट की चैंपियन डेक्कन चार्जर्स एवं कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच १२ मार्च को होने वाला उद्घाटन मैच अब डीवाईपाटिल स्टेडियम मुंबई में खेला जाएगा। इसके अलावा चैंपियन के दो मैच विशाखापट्टणम में आयोजित किये जाएंगे। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि टीम के बाकी चार मैच विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन के जामथा मैदान पर कराए जाएंगे।
इस स्टेडियम पर पहले मुंबई इंडियंस के तीन मैच होने थे, लेकिन फ्रेंचाइजी टीम द्वारा इसके लिए मना करने के बाद इस बात की संभावना प्रबल हो गई है कि चार्जर्स टीम के चार मैचों का आयोजन नागपुर में होगा। इससे पहले भी तेलंगाना मुद्दे पर उत्पन्न राजनीतिक बवाल की वजह से गत दिसंबर में भारत और श्रीलंका के बीच पांच वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा वनडे नागपुर स्थानांतरित कर दिया गया था। इसके अलावा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड की महिला टीम के भारत दौरे पर दो मैचों को हैदराबाद में आयोजित कराने का निर्णय लिया था, लेकिन बाद में एक मैच को मुंबई एवं एक मैच को बेंगलूर स्थानांतरित कर दिया गया। इससे पूर्व दलीप ट्राफी के फाइनल मुकाबले में भी पहले दो दिन सुरक्षा कारणों से दर्शकों को प्रवेश नहीं दिया गया था।
