आस्ट्रेलिया को सीरीज में अपराजेय ब़ढत
ब्रिस्बेन। कप्तान रिकी पोंटिंग (१०६) के २९ वें वनडे शतक की बदौलत आस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को आज चौथे एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच में ५० रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में ३० की अपराजेय बढत हासिल कर ली है।
‘मैन ऑफ द मैच’ पोंटिंग ने मात्र ११२ गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से १०६ रन बनाकर आस्ट्रेलिया को सात विकेट पर ३२४ रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। वेस्टइंडीज की टीम ने हालांकि अपने तीन विकेट ५५ रन तक गंवा दिए थे,लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों किरोन पोलार्ड (६२) और डवेन स्मिथ (नाबाद ५९) ने शानदार अर्द्धशतक बनाते हुए टीम को शर्मनाक पराजय नहीं झेलने दी ।
वेस्टइंडीज का स्कोर आठ विकेट पर २७४ रन रहा। पोंटिंग ने अपने इस शतक के साथ ही श्रीलंका के सनत जयसूर्या को एकदिवसीय मैचों में सर्वाधिक शतक बनाने के मामले में तीसरे स्थान पर छ़ोड दिया। पोंटिंग का यह २९ वां शतक है, जबकि जयसूर्या के खाते में २८ शतक हैं। पोंटिंग अपने ३३९ वें मैच में इस उपलब्धि पर पहुंचे हैं। उनसे आगे भारत के मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके ४४० मैचों से ४५ शतक हैं।
वेस्टइंडीज के नरसिंह देवनारायण (५३) ने भी अर्र्द्धशतक बनाया । देवनारायण ने ६९ गेंदों की अपनी पारी में पांच चौके लगाए, जबकि पोलार्ड ने चार चौके और दो छक्के तथा स्मिथ ने तीन चौके और तीन छक्के ठोके। कप्तान क्रिस गायले ने २१ गेंदों में छह चौकों की मदद से ३४ रन बनाए। आस्ट्रेलिया के लिए डग बोलिंगर ने ४४ रन पर दो विकेट और रेयान हैरिस ने ६४ रन पर दो विकेट लिए।
इससे पहले आस्ट्रेलिया की पारी को प्रमुख आकर्षण कप्तान पोंटिंग का शतक रहा। पोंटिंग ने कैमरून व्हाइट (६३) के साथ तीसरे विकेट के लिए १३१ रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। ओपनर शेन वाटसन २६ रन और टिम पैने २४ रन बनाकर आउट हुए। माइक हुसै ने १७ गेंदों में २३ रन और जेम्स होप्स ने ताब़डत़ोड बल्लेबाजी करते हुए मात्र २१ गेंदों में छह चौकों की मदद से ४२ रन ठोके। पोंटिंग अपना शतक पूरा करने के बाद जब ४४ वें ओवर में आउट हुए, तो उस समय टीम का स्कोर २५२ रन था। आस्ट्रेलिया ने आखिरी सात ओवर में ७२ रन ठोक डाले।
वेस्टइंडीज की तरफ से स्मिथ ने ५९ रन पर दो विकेट और डैरेन समी ने ४४ रन पर दो विकेट लिए। रवि रामपाल, पोलार्ड और निकिता मिलर को एकएक विकेट मिला।
