पाकिस्तान टीम की स्वदेश वापसी तक जांच स्थगित
लाहौर। पाकिस्तान टीम की आस्ट्रेलिया दौरे में करारी शिकस्त की जांच के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा गठित जांच कमेटी ने राष्ट्रीय टीम के स्वदेश वापसी तक अपनी जांच स्थगित कर दी है।
पीसीबी द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि वसीम बारी,वजीर अली खोजा, यावर सईद, जाकिर खान और तफाजुल रिजवी के नेतृत्व वाली इस कमेटी ने जांच को पाकिस्तान टीम की स्वदेश वापसी तक स्थगित करने का फैसला किया।
गौरतलब है कि इस समय पाकिस्तानी टीम दुबई में है जहां उसे इंग्लैंड से १९ फरवरी से दो २०२० मैचों की सीरीज खेलनी है। इसके बाद टीम पाकिस्तान लौटेगी । बयान में साथ ही कहा गया है कि कमेटी के सामने देश में मौजूद कप्तान मोहम्मद यूसुफ, कोच इंतिखाब आलम, सलमान बट, शोएब मलिक और आकिब जावेद पेश हुए और कमेटी के सदस्यों के सवालों के जवाब दिए।
कमेटी की अगली बैठक राष्ट्रीय टीम के पाकिस्तान लौटने के बाद ही होगी। कमेटी की दो दिन की बैठक के दौरान शाहिद अफरीदी, यूनिस खान, अब्दुल रकीब, कमरान और उमर अकमल और फैसल इकबाल ने भी अपने बयान दर्ज कराए। इसके अलावा मलिक और यूसुफ ने कमेटी के सामने एकदूसरे के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए। कमेटी ने दोनों खिला़डयों को प्रेस में कोई बयान नहीं देने का निर्देश दिया है।
