पदार्पण टेस्ट में शतक जमाने वाले तीसरे दअफ्रीकी बने पीटरसन
कोलकाता। मार्क बुचर के घायल होने के कारण टीम में जगह बनाने वाले अल्विरो पीटरसन ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए आज यहां भारत के खिलाफ शतक जमाकर अपने पहले टेस्ट मैच में ही सैक़डा ठोकने वाले बल्लेबाजों की सूची में अपना नाम लिखवाया। पीटरसन यह उपलब्धि हासिल करने वाले दक्षिण अफ्रीका के तीसरे और दुनिया के ८९वें बल्लेबाज हैं।
इस २९ वर्षीय बल्लेबाज ने ठीक १०० रन बनाये। उनसे पहले दअफ्रीका की तरफ से हडसन व जाक रूडोल्फ को यह श्रेय हासिल था। एंड्रयू हडसन ने १९९२ में वेस्टइंडीज के खिलाफ ब्रिजटाउन में १६३ और रूडोल्फ ने २००३ में बंगलादेश के खिलाफ चटगांव में २२२ रन बनाये थे।
पिछले साल घरेलू सत्र में १३७६ रन बनाने वाले पीटरसन ईडन गार्डन्स पर यह कारनामा करने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले दीपक शोधन (भारत बनाम पाकिस्तान, १९५२), ब्रूस टेलर (न्यूजीलैंड बनाम भारत, १९६५) व मोहम्मद अजहरुद्दीन (भारत बनाम इंग्लैंड, १९८४) ने कोलकाता में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करते ही शतक लगाया था।
