तीन विकेट से मैच में वापसी की : दक्षिण अफ्रीकी कोच
कोलकाता दक्षिण अफ्रीकी कोच कोरी वैन जिल ने आज स्वीकार किया कि वीरेंद्र सहवाग की १६५ रन ने उनकी टीम की बैचेनी ब़ढा दी थी, लेकिन अंतिम क्षणों में भारत के तीन विकेट लेने से उन्होंने दूसरे टेस्ट मैच में वापसी कर ली है।
वैन जिल ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका सहवाग और सचिन तेंदुलकर (१०६) के खिलाफ अपनी रणनीति को अमल में लाने में असफल रहा, लेकिन उन्हें लगता कि उनकी टीम अब भी मैच में बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि सहवाग की पारी ने सभी को बैचेन कर दिया था। सचाई यह है कि उसने बहुत तेजी से रन बनाये और उसे दर्शकों का भी भरपूर समर्थन मिल रहा था जिससे सभी अस्थिर हो गये। यह वह समय था जबकि आपको अपनी रणनीति और बेसिक्स के हिसाब से ही आगे ब़ढना चाहिए था। मुझे लगता है कि कुछ अवसरों पर हमने ऐसा नहीं किया और यह सहवाग का मजबूत पक्ष है।
वैन जिल ने कहा कि यह हमारे लिये बहुत मुश्किल दिन था। बल्लेबाजी अच्छी हुई, लेकिन हम भी अपनी रणनीति को लागू करने में असफल रहे, लेकिन अंतिम क्षणों में तीन विकेट गिरना हमारे लिये वास्तव में अच्छा रहा और इससे कल का दिन रोचक बन गया है।
दक्षिण अफ्रीकी कोच को लगता है कि उनके गेंदबाजों ने संयम नहीं बरता जिसके कारण भारत ४६ रन की ब़ढत हासिल करने में सफल रहा। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर हमारी टीम में धैर्य की कमी दिखी। हमने नागपुर में सही समय पर संयम बरते रखा। टीम के तौर पर हमें इस क्षेत्र में सुधार करने की जरूरत है। मैं यह नहीं कह सकता कि हम घबराये हुए हैं। हमें यह समझने की जरूरत है हम अपनी रणनीति पर अमल क्यों नहीं कर पाये।
वैन जिल ने कहा कि हम तीन विकेट लेकर खुश हैं। इससे मैच में संतुलन बन गया है। हमें कुछ बातों पर गौर करना होगा। उन्होंने तेंदुलकर के शतक भी प्रशंसा की जो इस भारतीय का ४७वां शतक है। उन्होंने कहा कि वह (तेंदुलकर) खास है। ये दोनों अलग तरह की पारियां थी और दोनों बहुत महत्वपूर्ण थी। सचिन बहुत खास है, जिस तरह से वह खेलते हैं उसका जवाब नहीं। वैन जिल ने कहा कि उनकी टीम को चोटिल मार्क बाउचर की कमी भी खली जिनके स्थान पर विकेटकीपिंग कर रहे एबी डिविलियर्स ने सहवाग को स्टंप आउट करने का आसान मौका गंवाया था। उन्होंने कहा कि बुचर हमारे लिये बहुत अहम खिल़ाडी है। यह वास्तव में निराशाजनक है कि वह पीठ दर्द के कारण उपलब्ध नहीं हो पाया। मेरा मानना है कि एबी ने अच्छा प्रदर्शन किया। उसने मौका गंवाया और वह इससे बहुत नाखुश था क्योंकि वह जानता है कि टीम के लिये इसका क्या मतलब है।
