भारत ने विश्व चैंपियन इंग्लैंड को ३५ रन से हराया
बेंगलूर। कप्तान झूलन गोस्वामी और गौहर सुल्ताना के तीनतीन विकेट की मदद से भारतीय महिला टीम ने विश्व चैंपियन इंग्लैंड को पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के पहले मैच में आज यहां ३५ रन से हराया। तेज गेंदबाज झूलन ने १६ रन देकर तीन जबकि बायें हाथ की स्पिनर गौहर ने ३६ रन देकर तीन विकेट लिये, जिससे भारत ने अपने कम स्कोर का अच्छी तरह से बचाव करके इंग्लैंड की टीम को ४५ ओवर में १६४ रन पर ढेर कर दिया।
इससे पहले मिताली राज (६२) और प्रियंका राय (नाबाद ६९) के अर्द्धशतक की मदद भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ५० ओवर में पांच विकेट पर १९९ रन बनाये थे। इंग्लैंड की बल्लेबाजों को २०० रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की धीमी पिच से सामंजस्य बिठाने में दिक्कत हुई, जिससे भारत अपने इस प्रतिद्वंदी के खिलाफ ४८ मैच में २१वीं जीत दर्ज करने में सफल रहा।
इंग्लैंड को भारत पर अपनी २६वीं जीत के लिये चार प्रति ओवर की दर से रन चाहिए थे, लेकिन उसकी शुरुआत खराब रही और झूलन ने सराह टेलर को पगबाधा आउट करके उसे करारा झटका दिया। उसने चार्लोट एडवड्र्स और इबोनी रेनफोर्ड ब्रेंट के बीच दूसरे विकेट के लिये ३८ रन की साझेदारी से वापसी की कोशिश की। रन बनाना जब मुश्किल लग रहा था तब एडवड्र्स ने आगे ब़ढकर लंबे शाट खेलने का प्रयास किया, लेकिन अंगना देशपांडे ने अमिता शर्मा की गेंद पर उन्हें स्टंप आउट कर दिया। इंग्लैंड की टीम तब संकट में प़ड गयी जब उसने एक रन के अंदर रेनफोर्ड ब्रेंट (६४) और लीडिया ग्रीनवे (३५) के विकेट गंवाये। इसके बाद की बल्लेबाजों के पास गौहर की स्पिन का कोई जवाब नहीं था जो दिन की सबसे प्रभावशाली गेंदबाज रही।
तेज गेंदबाज रूमेली धर ने २३ रन देकर दो विकेट लिये। इससे पहले मिताली और प्रियंका ने पांचवें विकेट के लिये १०० रन की साझेदारी करके भारत ने २०वें ओवर में चार विकेट पर ६३ रन की गंभीर स्थिति से उबारा। मध्यम गति की गेंदबाज कैथरीन ब्रंट, अन्या श्रुबसोल, जेनी गुन औन निकोला शा ने भारत की चोटी की चार बल्लेबाजों को आउट किया लेकिन मिताली और प्रियंका ने उनका डटकर सामना किया। इन दोनों ने एक दो रन लेकर स्कोर बोर्ड चलायमान रखा। प्रियंका ने अधिक आक्रामकता दिखायी और जब भी उन्हें ढीली गेंद मिलती वह उसे सीमा रेखा पार पहुंचाने में कोताही नहीं बरतती। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके लगाये। मिताली ने एंकर की भूमिका अच्छी तरह से निभायी और चार्लोट एडवड्र्स की गेंद पर मिड आन पर ग्रीनवे को कैच थमान से पहले ११६ गेंद की अपनी पारी में दो चौके लगाये। भारत ने बल्लेबाजी पावरप्ले में ३६ रन बनाये, जिसमें प्रियंका और अमिता शर्मा (नाबाद १२) ने अपने बल्ले का कमाल दिखाया। दोनों टीमों के बीच दूसरा वन डे मैच इसी मैदान पर रविवार को होगा।
