आईसीसी वनडे रैंकिंग में टॉप थ्री में पहुंचे सचिन
दुबई। सचिन तेंदुलकर कल ग्वालियर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रिकार्ड पारी खेलने के दम पर आईसीसी एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिंग में तीन पायदान ऊपर तीसरे स्थान पर पहुंच गये, जबकि भारत ने चैंपियनशिप तालिका में एक अप्रैल की समय सीमा तक दूसरा स्थान पक्का करके ७५ हजार डालर की राशि भी सुनिश्चित की।
ग्वालियर में कल नाबाद २०० रन की पारी खेलकर वनडे में दोहरा शतक जमाने वाला पहला बल्लेबाज बनने वाले सचिन के ७६६ रेटिंग अंक हैं व अब वह दूसरे नंबर पर काबिज आस्ट्रेलिया के माइकल हुसै से केवल ४३ अंक पीछे हैं। महेंद्र सिंह धोनी (८२७) ने दूसरे वनडे मैच में ३५ गेंद पर ६८ रन बनाकर नंबर एक की अपनी पोजीशन को मजबूती दी है।
पिछले दो साल में सचिन की यह सर्वोच्च रैंकिंग है। वह दो साल पहले सिडनी में आस्ट्रेलिया के खिलाफ के खिलाफ नाबाद ११७ रन बनाकर दूसरे स्थान पर पहुंचे थे।
सचिन जहां तीसरे स्थान पर पहुंच गये वहीं उनके सलामी ज़ोडीदार वीरेंद्र सहवाग एक पायदान नीचे दसवें स्थान पर खिसक गये। भारत के युवराज सिंह १३वें व गौतम गंभीर २१वें स्थान पर है। गेंदबाजों की सूची में न्यूजीलैंड के कप्तान डेनियल विट्टोरी शीर्ष पर हैं। इस सूची में भारत से केवल हरभजन सिंह ही शीर्ष २० में शामिल हैं।
आईसीसी वनडे चैंपियनशिप में भारत ने दअफ्रीका पर २० की अजेय ब़ढत लेकर अपना दूसरा स्थान मजबूत कर दिया। उसके अब १२३ रेटिंग अंक हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका ११५ रेटिंग अंक पर खिसक गया है। भारतीय टीम एक अप्रैल को सालाना कट ऑफ तारीख में तीसरे स्थान पर तभी पहुंच सकती है,जब वह शनिवार वाला मैच हार जाये व न्यूजीलैंड की टीम आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मार्च से शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप कर दे, जो असंभव है। इस हालत में न्यूजीलैंड १२३ रेटिंग अंक पर पहुंच जाएगा, जबकि भारत के १२२ रेटिंग अंक होंगे।
