प्रज्ञान,रोहित व पांडे २०२० विश्व कप के संभावितों में
चेन्नई। कर्नाटक के युवा बल्लेबाज मनीष पांडे और उनके राज्य के तेज गेंदबाज आरविनय कुमार सहित तीन नये चेहरों को वेस्टइंडीज में इस साल अप्रैल मई में होने वाले २०२० विश्व कप के ३० संभावित खिला़डयों में शामिल किया गया है।
मध्य प्रदेश के विकेटकीपर नमन ओझा को भी घरेलू सत्र में अच्छा प्रदर्शन करने का इनाम दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ( बीसीसीआई) सचिव एन श्रीनिवासन ने आज यहां चयन समिति की बैठक के बाद जो संभावित टीम घोषित की उसमें ओझा तीसरा नया चेहरा है।
टीम में इसके अलावा नये चेहरों को भी तरजीह दी गयी है जिनमें अभिमन्यु मिथुन, वृद्धिमान साहा, सुदीप त्यागी और अभिषेक नायर भी शामिल हैं। तीस अप्रैल से १६ मई तक गयाना, बारबाडोस और सेंट लूसिया में होने वाले विश्व कप के लिये इन तीस खिला़डयों में से ही बाद में १५ सदस्यीय टीम का चयन किया जाएगा। पिछले कुछ समय से टीम से बाहर रहे तेज गेंदबाज रुद्र प्रताप सिंह और मुनाफ पटेल तथा लेग स्पिनर पीयूष चावला को भी संभावित खिला़डयों में जगह दी गयी है।
बीस वर्षीय पांडे ने घरेलू सत्र में शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें लगातार अच्छी बल्लेबाजी करने का पुरस्कार मिला। इंडियन प्रीमियर लीग में रायल चैलेंजर्स बेंगलूर की तरफ से खेलने वाले मनीष पांडे आईपीएल में पहला शतक ज़डने वाले भारतीय भी हैं। मनीष पांडे की तरह उनकी प्रांतीय टीम के साथी विनय कुमार ने भी घरेलू स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करके संभावित खिला़डयों में जगह बनायी। विकेटकीपर नमन ओझा को भी सूची में पार्थिव पटेल की जगह तरजीह दी है, जिसमें महेंद्र सिंह धोनी और वृद्धिमान साहा समेत तीन विकेटकीपर शामिल हैं। ओझा शीर्ष क्रम के एक अच्छे बल्लेबाज भी हैं।
छब्बीस वर्षीय वृद्धिमान साहा ने नागपुर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट आगाज किया था, क्योंकि मैच से पहले रोहित शर्मा चोटिल हो गये थे और अब उनके पास २०२० विश्व कप में अपनी काबिलियत साबित करने का मौका है। युवराज सिंह, जहीर खान और गौतम गंभीर चोट से उबर रहे हैं, लेकिन चयनकर्ताआें ने उन्हें टीम में शामिल किया है क्योंकि शुरुआती संभावित सूची से ही अंतिम टीम चुनी जायेगी। इशांत शर्मा भी इसमें शामिल हैं, जो २०२० में नियमित रूप से नहीं खेलते।
