इंग्लैंड ने भारत को दो विकेट से हराया
मुंबई। श्रृंखला गंवाने के बाद प्रतिष्ठा बचाने के लिये मैदान पर उतरी इंग्लैंड की महिला टीम ने पांचवें और अंतिम एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज यहां भारत को दो विकेट से हराया। भारतीय टीम ने इस तरह से ३२ से श्रृंखला अपने नाम की।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मिताली राज (५०) और हरमनप्रीत कौर (८४) के अर्धशतकों तथा सोनिया डाबिर की नाबाद ३१ रन की पारी से नौ विकेट पर २०६ रन बनाये।
इंग्लैंड की तरफ से सलामी बल्लेबाज हीथर नाइट ने सर्वाधिक ४९ रन बनाये लेकिन लीडिया ग्रीनवे (२६), लारा मार्श (२२) और डेनिली वायट (नाबाद २८) के उपयोगी योगदान से वह एक गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल करने में सफल रहा। इंग्लैंड ने आठ विकेट पर २१० रन बनाये।
इंग्लैंड एक समय पांच विकेट पर १३३ रन पर संघर्ष कर रहा था लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों के संयमपूर्ण बल्लेबाजी से वह अंतिम ओवर में जीत दर्ज करने में सफल रहा। भारत की तरफ से झूलन गोस्वामी, रूमेली धर, गौहर सुल्ताना और सोनिया डाबिर ने दोदो विकेट लिये।
