मानवजीत को विश्व कप में स्वर्ण
नई दिल्ली। विश्व चैंपियन निशानेबाज मानवजीत सिंह संधू ने अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए मैक्सिको के अकापुल्सो में चल रहे आईएसएसएफ विश्व कप की ट्रैप स्पर्द्धा में स्वर्ण पदक जीता। वहीं अनिरुद्ध सिंह फाइनल में पहुंचने में सफल रहे,लेकिन उन्हें चौथे स्थान से संतोष करना प़डा।
मानवजीत ने २५, २४, २४, २५, २४ की सीरीज से कुल १२२ अंक के साथ फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। वह क्वालीफिकेशन दौर में इटली के डेनिली रेस्का(१२३) से एक अंक पीछे थे। ३४ वर्षीय मानवजीत ने फाइनल में दो बर्ड गंवाई, लेकिन अगले १६ टारगेट में उन्होंने संयम बनाए रखा और एक अंक के अंतर से स्वर्ण पदक जीता। उनका अंतिम स्कोर १४५(१२२ व २३) रहा। मानवजीत ने हाल में दिल्ली में राष्ट्रमंडल निशानेबाजी चैंपियनशिप में १४६(१२४ व २२) के साथ स्वर्ण पदक जीता था।
मानवजीत ने जीत के बाद कहा कि अंतिम शॉट तक मुझे नहीं लग रहा था कि मैं जीतने जा रहा हूं। यह काफी करीबी मुकाबला था। मैं केवल एक टारगेट से जीता। मैंने अंत तक सही निशाने लगाए और आखिर में शीर्ष पर रहा। उन्होंने कहा कि भारत से यहां तक की यात्रा काफी लंबी है,लेकिन इसका फायदा मिला। मैं इस साल अधिकतर आईएसएसएफ विश्व कप में भाग लेना चाहता हूं।
मानवजीत ने इससे पहले २००६ विश्व चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था। एक अन्य भारतीय अनिरुद्ध सिंह अपने पहले विश्व कप में १२२ स्कोर के साथ फाइनल में पहुंचने में सफल रहे। अनिरुद्ध ने क्वालीफिकेशन दौर के पहले दिन ७५ में से ७५ स्कोर बनाया। अगले दो दौर में उन्होंने २४ व २३ अंक बनाए और फाइनल में जगह सुरक्षित की। अनिरुद्ध का कुल स्कोर १४३ रहा ओर उन्हें चौथे स्थान से संतोष करना प़डा। एक अन्य भारतीय बीरेनदीप स़ोढी १२० अंक के साथ दसवें स्थान पर रहे। इटली के रेस्का ने रजत व अमेरिका के जान मुलिस ने कांस्य पदक जीता।
महिलाओें की ट्रैप स्पर्द्धा में तीनों भारतीय महिलाआें में से कोई भी फाइनल में नहीं पहुंच पायी। शगुन चौधरी ने ६६ स्कोर के साथ १३वें, श्रेयासी सिंह ६४ अंक लेकर १६ वें व सीमा तोमर ६३ अंक लेकर १७वें स्थान पर रही। चीन की यांग हुआन ने ९२ अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता।
