इंग्लैंड ने बंगलादेश का सूप़डा साफ किया
चटगांव। क्रेग कीसवेटर के पहले शतक की मदद से इंग्लैंड ने तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच में आज यहां बंगलादेश पर ४५ रन की जीत दर्ज करके तीन मैच की श्रृंखला में ३० से क्लीन स्वीप किया। ‘मैन आफ द मैच’ कीसवेटर ने अपने तीसरे मैच में ही १०७ रन की पारी खेली, जिससे इंग्लैंड ने धीमी पिच पर पांच विकेट पर २८४ रन बनाये। उसने अंतिम दस ओवर में १०७ रन ज़ोडे।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज टिम ब्रेसनन ने २८ रन देकर चार विकेट लिये और अपने कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके बंगलादेश को नौ विकेट पर २३९ से आगे नहीं ब़ढने दिया। बंगलादेश की तरफ से आफताब अहमद (४६), मुशफिकर रहीम (४०), कप्तान सकीबुल हसन (३८) और मोहम्मद महमुदुल्लाह (३४) ही टिककर खेल पाये। अपना पहला मैच खेल रहे तेज गेंदबाज अजमल शहजाद ने तीसरी गेंद पर ही बंगलादेश के सलामी बल्लेबाज तामिम इकबाल को पैवेलियन भेज दिया। रहीम और आफताब ने तीसरे विकेट के लिए ५६ रन की साझेदारी की, लेकिन इन दोनों के २९ रन के अंदर आउट होने से उनकी टीम दबाव में आ गयी। सकीबुल को पीटरसन की गेंद पर गलत पगबाधा आउट दिये जाने के साथ ही इंग्लैंड की जीत तय हो गयी थी। टीवी रीप्ले से साफ लग रहा था कि गेंद बाहर जा रही थी।
इससे पहले २२ वर्षीय कीसवेटर का शतक इंग्लैंड की पारी का आकर्षण रहा। उन्होंने १२३ गेंद खेली तथा नौ चौके और तीन छक्के लगाये। उन्होंने पॉल कोलिंगवुड (३६) के साथ तीसरे विकेट के लिए ७४ और इयोन मोर्गन (३६) के साथ चौथे विकेट के लिये ६७ रन की साझेदारी की। अंतिम क्षणों में ल्यूक राइट ने १३ गेंद पर ३२ रन की तूफानी पारी खेली। कीसवेटर ने ८० गेंद पर अपना अर्द्धशतक पूरा करने के बाद आक्रामक तेवर दिखाये तथा स्पिनर महमुदुल्लाह और सकीबुल के बाद तेज गेंदबाज रूबेल हुसैन पर छक्का जमाया। उन्होंने ५० रन पूरे करने के बाद शतक तक पहुंचने में केवल ४१ गेंद खेली। दक्षिण अफ्रीका में जन्में कीसवेटर ४७वें ओवर में बायें हाथ के स्पिनर अब्दुर रज्जाक की गेंद पर कट करने के प्रयास में बोल्ड हुए।
