निचले स्थानों से बचने के लिए खेलेगा भारत
नई दिल्ली। लगातार तीन मैच हार चुका भारत हीरो होंडा एफआईएच हाकी विश्वकप टूर्नामेंट में सोमवार को जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलने उतरेगा तो उसके जेहन में पिछले विश्व कप के ११ वें स्थान की याद ताजा रहेगी। भारत को यदि निचले स्थानों पर आने से बचना है तो उसे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हरहाल में यह मैच जीतना होगा।
भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों के ही चार चार मैचों से तीन तीन अंक हैं, लेकिन भारत बेहतर गोल अंतर के कारण फिलहाल चौथे स्थान पर है। लेकिन यदि मौजूदा फार्म को देखा जाए तो भारत के इससे नीचे जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। दक्षिण अफ्रीका ने जिस तरह कल के मैच में पाकिस्तान को ४३ से पराजित किया था उसे देखते हुए भारतीय टीम को उससे सतर्क रहना होगा। यदि भारतीय टीम यह मैच भी हार जाती है तो फिर वह नौंवे से
दसवें या फिर ११ वें से १२ वें स्थान के लिए खेलने उतरेगी। दक्षिण अफ्रीका की टीम नेट गोल अंतर के कारण भारत और पाकिस्तान से पीछे छठे स्थान पर है। लेकिन भारत को हराकर वह ऊपर भी जा सकती है। भारतीय कोच होजे ब्रासा ने कहा है कि दक्षिण अफ्रीका की टीम एक अच्छी टीम है और उसके खिलाफ मैच खासा मुश्किल होगा।
भारत अपने पिछले तीन मैचों में आस्ट्रेलिया, स्पेन और इंग्लैंड से पिट चुका है। भारतीय टीम लगातार पराजयों से हताशा के सागर में डूब चुकी है। लेकिन ब्रासा और कप्तान राजपाल सिंह इसके बावजूद टीम में सुधार की बूंदे देख रहे हैं। ब्रासा का तो यह भी कहना है कि उनके लक्ष्य में यह विश्वकप नहीं, बल्कि राष्ट्रमंडल और एशियाई खेल हैं।
जब किसी टीम के कोच की मनो:स्थिति ऐसी हो तो यह माना जा सकता है कि टीम के साथ भी वही हालात रहेंगे। भारतीय खिल़ाडी मैच दर मैच डिफेंस में गोल खुला छ़ोडने की लगातार गलतियां कर रहे हैं और गोल खा रहे हैं। आस्ट्रेलिया, स्पेन और इंग्लैंड ने इसी डिफेंस चूक का फायदा उठाते हुए गोल कर भारत पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाते हुए जीत हासिल की थी। भारत की जिस फारवर्ड पंक्ति की बात सबसे पहले की जा रही थी वह सिरे से उख़डी हुई है। हालांकि भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ ०३ से पिछ़डने के बाद जोर लगाते हुए आखिरी बीस मिनट में बेहतरीन खेल दिखाया, जिससे उम्मीद की जा सकती है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वह कम से कम जीत हासिल करने में कामयाब हो सकेंगी। लेकिन भारत यदि अब भी नहीं जीत पाता है तो उसके लिए यह वाकई शर्मनाक होगा कि अपने घर में उसने इतना निराशाजनक प्रदर्शन किया।
