जीत की हैट्रिक के इरादे से उतरेंगे नाइट राइडर्स
कोलकाता। आत्मविश्वास से ओतप्रोत कोलकाता नाइट राइडर्स इंडियन प्रीमियर लीग में बेहतरीन प्रदर्शन का सिलसिला बरकरार रखते हुए कल चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ लगातार तीसरी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेंगे।
दो साल पहले आईपीएल के पहले सत्र में केकेआर ने शुरूआती दो मैचों में रायल चैलेंजर्स बेंगलूर और डेक्कन चार्जर्स को हराया था, लेकिन तीसरे मैच में चेन्नई सुपर किंग्स से मिली हार के बाद लगातार पराजय का मुंह देखना प़डा। इस बार भी पहले दो मैचों में उसने इन्हीं टीमों को मात दी है।
शाहरुख खान की टीम आईपीएल एक में आठ टीमों में छठे स्थान पर रही। किंग खान और सौरव गांगुली अभी भी उन क़डवीं यादों को भूले नहीं होंगे लिहाजा इस बार उस अनुभव को दोहराना नहीं चाहेंगे। यही वजह है कि टीम प्रबंधन खासी एहतियात बरत रहा है और लगातार दो जीत के बाद भी शाहरुख एंड कंपनी ने कोई जश्न नहीं मनाया है।
गांगुली ने बेंगलूर रायल चैलेंजर्स को सात विकेट से हराने के बाद कहा था कि हमने पहले आईपीएल में काफी जश्न मनाया जिसका हैंगओवर अभी तक है। कुछ और मैच जीतने के बाद हम जश्न मनायेंगे।
एंजेलो मैथ्यूज और मुरली कार्तिक की अगुवाई में गांगुली के गेंदबाजों ने रायल चैलेंजर्स बेंगलूर को १३५ रन पर रोक दिया। इसके बाद मनोज तिवारी और ब्राड हाग की अर्धशतकीय पारियों के दम पर चार गेंद शेष रहते जीत दर्ज की। हाज और तिवारी की कामचलाऊ सलामी ज़ोडी की १०१ रन की साझेदारी से गांगुली ने इत्मीनान की सांस ली होगी। गेंदबाजी में इशांत शर्मा, चार्ल लांगेवेल्ट और मैथ्यूज ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। अब उनके सामने मैथ्यू हेडन और धोनी जैसे बिग हिटर्स को गेंदबाजी करने की चुनौती होगी।
हेडन अभी तक चिर परिचित फार्म में नहीं हैं, लेकिन लय हासिल करने के लिये उन्हें बस एक ब़डी पारी की जरूरत है। दूसरी ओर धोनी डेक्कन चाजर्स से मिली हार को भुलाकर खाता खोलने की तैयारी में होंगे।
टीमें : कोलकाता नाइट राइडर्स : सौरव गांगुली (कप्तान), ब्राड हाग, मनोज तिवारी, चेतेश्वर पुजारा, ओवैस शाह, रोहन गावस्कर, लक्ष्मीरतन शुक्ला, एंजेलो मैथ्यूज, वृद्धिमान साहा (विकेटकीपर), चार्ल लांगेवेल्ट, इशांत शर्मा, मुरली कार्तिक, अजित अगरकर, अशोक डिंडा, एकलख अहमद, हर्शद खादीवाले, चिराग पाठक, इकबाल अब्दुल्ला।
चेन्नई सुपर किंग्स : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान,विकेटकीपर), मुरली विजय, मैथ्यू हेडन, सुरेश रैना, एस बद्रीनाथ, जस्टिन केम्प, एल्बी मोर्कल, रविचंद्रन अश्विन, एल बालाजी, मुथैया मुरलीधरन, सुदीप त्यागी, हेमांग बदानी, मनप्रीत गोनी, मखाया नतिनी, तिसारा परेरा, तिलन तुषारा और पार्थिव पटेल।
