आईपीएल मैच देखने के लिये भारत आने की योजना बना रहे हैं फ्लिंटाफ
दुबई। इंग्लैंड के आलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटाफ इंडियन प्रीमियर लीग की अपनी टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के मैच देखने के लिये भारत आने की योजना बना रहे हैं। घुटने की चोट के कारण फ्लिंटाफ इस २०२० टूर्नामेंट में नहीं खेल पायेंगे।
फ्लिंटाफ ने ‘गल्फ न्यूज’ से कहा, ‘पिछली बार जब आईपीएल दक्षिण अफ्रीका में हुआ था तब मैं चेन्नई के लिये खेला था। मैंने सोचा था कि मुझे इस बार इस टीम में खेलने का मौका मिलेगा, लेकिन सर्जरी के कारण ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने कहा, ‘मैं चेन्नई के लिये खेलना चाहता था। मैं अगले कुछ सप्ताह में चेन्नई जाने की योजना बना रहा हूं, ताकि वहां जाकर कुछ मैच देख सकूं। उन्होंने कहा,‘आईपीएल की सफलता में भारतीय जनता का बहुत ब़डा हाथ है। भारत में क्रिकेट का जबरदस्त जुनून है। इंग्लैंड में फुटबाल को चाहने वाले बहुत हैं लेकिन भारत में क्रिकेट को चाहने वाले इससे दस गुना ज्यादा हैं।
