हार का सिलसिला त़ोडने उतरेंगे रायल्स
अहमदाबाद। लगातार तीन मैच हार चुकी राजस्थान रायल्स की टीम कल कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उतरेगी तो उसका इरादा इंडियन प्रीमियर लीग तीन में पहली जीत दर्ज करने का होगा।
युसूफ पठान के ३७ गेंद में १०० रन के बावजूद २००८ की चैम्पियन टीम को पहले मैच में मुंबई इंडियंस के हाथों पराजय का सामना करना प़डा था। इसके बाद दिल्ली डेयरडेविल्स ने वीरेंद्र सहवाग की आतिशी बल्लेबाजी के दम पर उन्हें हराया। वहीं रायल चैलेंजर्स बेंगलूर के खिलाफ शेन वार्न की टीम ९२ रन के स्कोर पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ग्रीम स्मिथ और इंग्लैंड के दमित्री मस्कारेंहास के बिना उतरी रायल्स के नये खिल़ाडी शान टैट प्रभावित नहीं कर सके हैं। स्वप्निल असनोदकर, नमन ओझा और मुनाफ पटेल ने भी निराश ही किया है। दूसरी ओर नाइट राइडर्स ने गत चैंपियन डेक्कन चार्जर्स और उपविजेता रायल चैलेंजर्स बेंगलूर को हराकर धमाकेदार शुरूआत की लेकिन तीसरे मैच में उसे चेन्नई सुपर किंग्स ने हराया।
शाहरुख खान की टीम को गेंदबाजी में सुधार करने के साथ स्कोर बोर्ड पर भी काफी रन डालने होंगे। बायें हाथ के स्पिनर मुरली कार्तिक को छ़ोडकर चेन्नई के खिलाफ उसका कोई गेंदबाज नहीं चल सका। उसे युसूफ जैसे बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने के लिये खासी मेहनत करनी होगी। तेज गेंदबाज शेन बांड ने चेन्नई के खिलाफ पहले तीन ओवर में अच्छी गेंदबाजी की लेकिन आखिरी ओवर में काफी महंगे साबित हुए।
वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गायले के आने से बल्लेबाजी मजबूत होगी, जिनके लिये आस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ब्रैड हाज या मनोज तिवारी को जगह बनानी होगी। मोटेरा पर दर्शकों को सौरव गांगुली और शेन वार्न के रूप में दो बेहतरीन कप्तानों की टक्कर का भी बेताबी से इंतजार होगा जो अपने खेलने के दिनों में कभी अच्छे दोस्त नहीं रहे।
