राजस्थान रायल्स ने चखा पहली जीत का स्वाद
अहमदाबाद। अभिषेक झुनझुनवाला (४५) और एडम वोग्स (नाबाद ३७) की आक्रामक पारियों के बाद आलराउंडर यूसुफ पठान (२३ रन पर दो विकेट) की सधी गेंदबाजी से पूर्व चैंपियन राजस्थान रायल्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स को आईपीएलथ्री के लीग मैच में आज यहां ३४ रन से हराकर टूर्नामेंट में तीन पराजयों के बाद पहली जीत का स्वाद चखा।
नाइराइडर्स को जीत के लिए १६९ रन का लक्ष्य मिला था,लेकिन निर्धारित २० ओवर में वह चार विकेट पर १३४ रन ही बना सकी। रायल्स की टूर्नामेंट में चार मैचों में यह पहली जीत है, जबकि नाइटराइडर्स को चार मैचों में शुरुआती दो जीत के बाद लगातार दूसरी हार मिली है। कोलकाता नाइटराइडर्स के सामने लक्ष्य कोई बहुत ब़डा नहीं था, लेकिन उसके बल्लेबाज अपनी पारी के दौरान अपनी रनगति को तेज नहीं कर सके, जिसका अंतत: उसे नुकसान उठाना प़डा। मनोज तिवारी ११ रन बनाने के बाद पहले विकेट के रूप में १८ के स्कोर पर आउट हुए।
तिवारी को पठान ने बोल्ड किया। ब्रैड हाज (३६) और चेतेश्वर पुजारा (२९) टीम के स्कोर को ११वें ओवर तक ६८ तक ले गए। लेकिन सिद्धार्थ त्रिवेदी ने पुजारा को बोल्ड कर नाइटराइडर्स को दूसरा झटका दिया। पुजारा ने २५ गेंदों की अपनी पारी में चार चौके लगाए। हाज ३४ गेंदों में तीन चौकों की मदद से ३६ रन बनाने के बाद पठान की गेंद पर बोल्ड हो गए। हाज जब आउट हुए तो उस समय टीम का स्कोर १५वें ओवर में तीन विकेट पर ९५ रन हो गया। लक्ष्य लगातार नाइटराइडर्स से दूर होता चला जा रहा था। कप्तान सौरभ गांगुली भी रनगति को गति नहीं दे सके। वह २९ गेंदों में तीन चौकों के सहारे ३३ रन बनाकर आखिरी ओवर में १३२ के स्कोर पर आउट हुए। एंजेलो मैथ्यूज अगली गेंद पर रनआउट हो गए। ओवेस शाह दो छक्कों की मदद से १९ रन बनाकर अविजित रहे। पठान ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए २३ रन पर दो विकेट लिए, जबकि मुनाफ पटेल ने २० रन पर एक विकेट और त्रिवेदी ने २६ रन पर एक विकेट लिया।
इससे पहले अभिषेक झुनझुनवाला की ३६ गेंद में ४५ रन की पारी की बदौलत राजस्थान रायल्स ने सात विकेट पर १६८ रन का सम्मानजक स्कोर बनाया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान ने सलामी बल्लेबाज माइकल लंब का विकेट पहली गेंद पर गंवा दिया, लेकिन नमन ओझा (२७ रन), फैज फजल (२३ गेंद में ३१ रन), झुनझुनवाला और एडम वोग्स (२२ गेंद में ३७ रन) ने एकजुट होकर गेंदबाजों के लिये सम्मानजनक स्कोर ख़डा किया। लंब लगातार दूसरे मैच में विफल रहे। वह अशोक डिंडा की पहली गेंद में पगबाधा आउट हुए, जबकि दूसरे सलामी बल्लेबाज ओझा और फजल ने दूसरे विकेट के लिये ४२ रन की भागीदारी निभायी। ओझा ने १८ गेंद की अपनी पारी में पांच चौके जमाये जबकि फजल ने आउट होने से पहले छह बार गेंद सीमा रेखा के पार करायी। फजल हालांकि इसके बाद शेन बांड की गेंद पर चेतेश्वर पुजारा को कैच दे बैठे। वहीं ओझा की पारी का अंत भी निराशाजनक हुआ और वह बांड तथा मुरली कार्तिक के प्रयास से रन आउट हो गये। यूसुफ पठान (१४ गेंद में १५ रन) भी शानदार प्रदर्शन करने में असफल रहे, उन्हें डिंडा की गेंद पर ब्रैड हाज ने कैच आउट किया। इससे पहले उन्होंने दो चौके ज़डे थे। नाइटराइडर्स की तरफ से डिंडा, इशांत शर्मा और बांड ने दो दो विकेट अपने नाम किये।
