राष्ट्रमंडल खेलों के बाद अब ओलंपिक की दावेदारी करे भारत : रेडग्रेव
नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों के लिये भारत की तैयारियों से प्रभावित पांच बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नौकायन खिल़ाडी सर स्टीव रेडग्रेव ने आज कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के बाद अब भारत को भविष्य में ओलंपिक की मेजबानी का दावा करना चाहिये।
इंग्लैंड के इस मशहूर एथलीट ने कहा कि मुझे लगता है कि राष्ट्रमंडल खेलों के बाद अब भारत को ओलंपिक की मेजबानी का दावा करना चाहिये। ओलंपिक को लेकर उत्साह कई गुना अधिक होगा। ओलंपिक में लगातार पांच स्वर्ण पदक जीतने वाले रेडग्रेव ने कहा, ‘मुझे लगता है कि राष्ट्रमंडल खेलों के तीन साल बाद भारत यह महसूस करे कि वह ओलंपिक के लिये तैयार है।’ उन्होंने दिल्ली में होने वाले खेलों के लिये तैयार विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे की तारीफ करते हुए खेलगांव को इंजीनियरिंग का नायाब नमूना करार दिया। एथेंस ओलंपिक २००४ की स्वर्ण पदक विजेता फर्राटा धाविका कैली होम्स ने कहा कि भारत खेलों की मेजबानी के लिये पूरी तरह से तैयार है।
