बट के पास मिली स्टिंग की नकदी : रिपोर्ट
लंदन। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच पिछले सप्ताह लाड्र्स में खेले गये चौथे टेस्ट मैच के दौरान स्पाट फिक्सिंग के लिये उपयोग में लायी गयी नकदी पाकिस्तानी कप्तान सलमान बट से ज़ुडे सामान के साथ पायी गयी। रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी है।
डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार बट के होटल के कमरे और लाड्र्स क्रिकेट ग्राउंड पर उनके लाकर से चिह्नित नोट पाये गये हैं और स्काटलैंड यार्ड के अधिकारी इस संबंध में आज उनसे पूछताछ करेंगे।
समाचारपत्र का कहना है कि माना जा रहा है कि यह उस एक लाख ५० हजार पौंड का हिस्सा है जो न्यूज आफ वर्ल्ड के रिपोर्टर ने कथित फिक्सर मजहर मजीद को सौंपे थे। मजीद को यह धनराशि लाड्र्स टेस्ट मैच में तीन नोबाल करवाने के लिये दी गयी थी। पता चला है कि इन नोटों को गोपनीय तरीके से चिह्नित किया गया था ताकि बाद में पुलिस इनकी पहचान कर सके। रिपोर्ट के अनुसार बरामद राशि का फोरेंसिक टेस्ट करवाया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या यह वही राशि जिसे न्यूज आफ वल्ड के स्टिंग के दौरान उपयोग किया गया था।
समाचारपत्र ने सूत्रों का हवाला देते हुए लिखा है कि शुरूआती संकेतों से लगता है कि बट से मिली धनराशि स्टिंग के लिये उपयोग की गयी थी। इससे यह मामला विश्वसनीय बन जाता है। यह खुलासा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के इन तीनों दागी खिला़डयों बट, तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमिर को अस्थायी तौर पर क्रिकेट के सभी प्रारूप से निलंबित करने के फैसले का बाद हुआ है।
अगर आरोप गलत निकले तो टैबलायड पर मुकदमा चलायेगा पाकिस्तान : जखरानी
इस्लामाबाद, ३ सितंबर (भाषा)। पाकिस्तान के खेल मंत्री एजाज जखरानी ने ब्रिटिश टैबलायड के खिलाफ मुकदमा चलाने की धमकी दी है, जिसने राष्ट्रीय टीम के कुछ खिला़डयों पर स्पाट फिक्सिंग में लिप्त होने के स्कैंडल का खुलासा किया है। जखरानी ने कहा कि अगर सलमान बट, मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमेर तीनों खिल़ाडी जांच में पाक साफ निकलते हैं तो वे यह कदम उठायेंगे क्योंकि उनका मानना है कि ये तीनों निर्दोष हैं।
उन्होंने कहा कि अगर ये आरोप गलत साबित होते हैं तो पाकिस्तानी सरकार इस अखबार को अदालत में ले जायेगी। जखरानी ने पाकिस्तानी टीवी चैनल से कहा कि खिल़ाडी देश का प्रतिनिधित्व करता है। ये तीनों पाकिस्तानी क्रिकेटर हैं इसलिये देश का नाम दाव पर लगा है। अगर ये आरोप साबित नहीं होते हैं तो निश्चित रूप से मुकदमा दायर करेंगे। ब्रिटिश नियम इस संबंध में काफी क़डे हैं।
