स्पाट फिक्सिंग के साये में शुरू होगी चैंपियंस लीग
जोहानिसबर्ग। क्रिकेट जगत को दहलाने वाले स्पाट फिक्सिंग के साये में चैंपियन्स लीग टी२० टूर्नामेंट कल से यहां शुरू होगा जिस पर आईसीसी के भ्रष्टाचाररोधी और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) की क़डी निगाहें लगी रहेंगी। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चोटी पर रही तीन टीमों के अलावा आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की दोदो तथा श्रीलंका, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज की एकएक टीम भाग ले रही है। दो सप्ताह तक चलने वाले इस टूर्नामेंट की शुरुआत आईपीएल के उपविजेता मुंबई इंडियन्स और दक्षिण अफ्रीका की हाईवेल्ड लायन्स के बीच होने वाले मैच से होगा।
पाकिस्तानी क्रिकेटरों के स्पाट फिक्सिंग में फंसने से यह टूर्नामेंट शुरू होने से पहले लोगों का ध्यान खींचने में असफल रहा है। इस नये प्रकरण के कारण आयोजकों ने कहा है कि वह स्पाट फिक्सिंग जैसी किसी भी घटना को रोकने के लिये क़डे कदम उठाएंगे। भारत की तीनों टीमों के लिये यह महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है क्योंकि पिछले साल इस टूर्नामेंट में भारतीय टीमों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। मुंबई के अलावा इस टूर्नामेंट में आईपीएल चैंपियन्स चेन्नई सुपर किंग्स और तीसरे स्थान पर रहा रायल चैलेंजर्स बेंगलूर ने भी क़डी चुनौतियों का सामना करने के लिये कमर कस ली है।
आस्ट्रेलिया की तरफ से साउथ आस्ट्रेलियन रेडबैक्स और विक्टोरियन बुशरेंजर्स तथा दक्षिण अफ्रीका से वारियर्स और हाईवेल्ड लायन्स खिताब की दावेदारी पेश करेंगे। इनके अलावा सेंट्रल स्टैग्स (न्यूजीलैंड), वायम्बा इलेवन्स (श्रीलंका) और गयाना (वेस्टइंडीज) भी मैदान में है। पिछली बार चैंपियन्स लीग में जिन भारतीय टीमों ने भाग लिया था वे प्रभाव छ़ोडने में असफल रही थी, लेकिन इस बार मुंबई, चेन्नई या बेंगलूर उसमें सुधार करने के लिये प्रतिबद्ध हैं।
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम चेन्नई आईपीएल की अपनी सफलता को चैंपियन्स लीग में भी दोहराने के लिये बेताब है। उसके पास मैथ्यू हेडन, माइकल हस्सी, सुरेश रैना, एल्बी मोर्कल और जस्टिन केंप जैसे बिग हिटर है। गेंदबाजी में उसके आक्रमण की अगुवाई आफ स्पिनर मुथैया मुरलीधरन करेंगे। चेन्नई सुपरकिंग्स को ग्रुप ‘ए’ से सेमीफाइनल में पहुंचने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। ग्रुप ‘ए’ में वारियर्स, विक्टोरिया, वायम्बा और सेंट्रल स्टैग्स की टीमें भी शामिल हैं।
बेंगलूर पिछली बार भी चैंपियन्स लीग में खेला था, लेकिन अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया था। इस बार उसकी बल्लेबाजी काफी मजबूत है, जिसमें भरोसेमंद राहुल द्रव़िड, न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज रोस टेलर और दक्षिण अफ्रीकी आलराउंडर जाक कैलिस महत्वपूर्ण है।। कप्तान अनिल कुंबले जहां स्पिन विभाग का जिम्मा संभालेंगे वहीं तेज गेंदबाजी के आक्रमण की अगुवाई डेल स्टेन करेंगे। कैलिस और टेलर की स्थानीय टीमें क्रमश: वारियर्स और सेंट्रल स्टैग्स भी टूर्नामेंट में भाग ले रही हैं लेकिन आईपीएल टीम ने इन दोनों खिला़डयों को उनकी संबंधित स्थानीय टीमों को दो लाख डालर देकर खरीदा है। कुंबले ने कहा कि सबसे ब़डी चुनौती यहां की परिस्थितियों से तालमेल बिठाना और टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत करना है।
सचिन तेंदुलकर की मुंबई इंडियन्स बल्लेबाजी में काफी मजबूत दिखती है। करिश्माई तेंदुलकर के अलावा उसकी टीम में दक्षिण अफ्रीका के जेपीडुमिनी और वेस्टइंडीज के कीरेन पोलार्ड जैसे धाक़ड बल्लेबाज हैं। गेंदबाजी में उसका दारोमदार जहीर खान और हरभजन सिंह के अलावा श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लेसिथ मालिंगा पर रहेगा। तेंदुलकर ने कहा कि यहां भाग लेने वाली टीमें क्रिकेट खेलने वाले देशों की चैंपियन टीमें हैं इसलिए मुकाबला क़डा होगा। यह चुनौतीपूर्ण टूर्नामेंट होगा तथा इसमें विश्वस्तरीय खिल़ाडी भाग ले रहे हैं। मुंबई के ग्रुप में बेंगलूर, हाईवेल्ड लायन्स, साउथ आस्ट्रेलिया और गयाना शामिल हैं। मुंबई कल हाईवेल्ड लायन्स से भ़िडेगा जिसे अंडरडाग माना जा रहा है। उसे स्थानीय दर्शकों का समर्थन मिलेगा, जबकि उसके पास एल्विरो पीटरसन और नील मैकेंजी जैसे अच्छे बल्लेबाज भी हैं। इस टूर्नामेंट के मैच जोहानिसबर्ग, प्रिटोरिया, डरबन और पोर्ट एलिजाबेथ में खेले जाएंगे। फाइनल २६ सितंबर को होगा।
