ब्रिटेन में राजनीतिक शरण ले सकता है आसिफ
लंदन। स्पाट फिक्सिंग मामले में फंसे पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ सट्टेबाजी गुटों से अपनी जान के खतरे को देखते हुए ब्रिटेन में राजनीतिक शरण लेने पर विचार कर रहे हैं। आसिफ के अलावा पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान सलमान बट और तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर पर आरोप लगा है कि वे इंग्लैंड के खिलाफ चौथे और अंतिम टेस्ट में स्पाट फिक्सिंग में शामिल थे। इन तीनों को आईसीसी ने निलंबित कर दिया है और स्काटलैंड यार्ड पुलिस इस मामले में पूछताछ कर रही है।
‘डेली टेलीग्राफ’ के अनुसार आसिफ को अब इस बात का डर है कि पाकिस्तान में सट्टेबाजी से ज़ुडे आपराधिक गुटों से उनकी जान को खतरा हो सकता है,इसलिए वह ब्रिटेन में ही शरण लेने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने पिछले शुक्रवार को प्रवासी मामलों के विशेषज्ञ वकील से मुलाकात भी की।
समाचार पत्र ने बताया कि आसिफ ने ३५ मिनट तक चली बातचीत के दौरान वकील से पूछा है कि ब्रिटेन में रहने के लिए क्या करना होगा। आसिफ ने लंदन की मलिक एंड मलिक कंपनी के इस वकील के साथ राजनीतिक शरण हासिल करने की प्रक्रिया पर चर्चा की।
आसिफ ने कहा कि वह ब्रिटेन में शरण लेने की प्रक्रिया शुरू करने से पहले स्काटलैंड यार्ड पुलिस और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की जांच पूरी होने का इंतजार करेंगे। यदि जांच में वह दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें कैद हो सकती है और आईसीसी न पर आजीवन प्रतिबंध लगा सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आसिफ यह साबित करने में कामयाब हो जाते हैं कि पाकिस्तान में उनकी जान को खतरा है और वहां का प्रशासन उनकी सुरक्षा करने योग्य या सुरक्षा करने का इच्छुक नहीं है, तो वह ब्रिटेन में शरण का अपना दावा पेश कर सकते हैं। २७ वर्षीय तेज गेंदबाज से बात करने वाले वकील ने कहा कि पहले तो आसिफ से राजनीतिक शरण के बारे में कुछ नहीं पूछा और बस इतना कहा कि यहां रहने के कौनकौन से तरीके हैं। हमने उन्हें बताया कि प़ढाई के लिए या नौकरी के लिए यहां परमिट मिल सकता है तब उन्होंने शरण लेने के बारे में पूछा।
ब्रिटेन स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग ने इस पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया जबकि टीम मैनेजर ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि आसिफ ब्रिटेन में राजनीतिक शरण लेना चाहते हैं।
