भारत का बहुत कुछ दांव पर लगा : स्मिथ
नागपुर। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ग्रीम स्मिथ ने आज भारत पर दबाव बनाने की कोशिश करते हुए कहा कि मेजबान टीम का नंबर एक का दर्जा दांव पर लगा होने के कारण चोटों की समस्या से जूझ रही टीम इंडिया पर सब कुछ गंवाने का खतरा है जबकि उनकी टीम कल से शुरू हो रही दो मैचों की श्रृंखला से फायदा ही उठा सकती है।
स्मिथ ने पहले मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाताआ से कहा कि हमारे लिए ब़डा मौका (रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने की जगह) भारत को हराने का है और फिलहाल मुझे लगता है कि हमें इस दौरे से फायदा ही होगा और भारत का सब कुछ दांव पर लगा है।
उन्होंने कहा कि हमारा नजरिया यहां आकर भारत से बेहतर क्रिकेट खेलना है और उम्मीद करते हैं कि हम अपनी बल्लेबाजी शैली को इन हालातों के मुताबिक ढाल लेंगे। भारत को हराने के मौके से हम रोमांचित हैं और अगर हम ऐसा कर पाते हैं तो हमें रैंकिंग मिल जाएगी। मध्यक्रम में राहुल द्रव़िड और युवराज सिंह की अनुपस्थिति से मेजबान टीम पहले ही कमजोर हुई है, जबकि अंगुली के चोट से उबर रहे वीवीएस लक्ष्मण का खेलना भी संदिग्ध है और स्मिथ ने कहा कि वह इसका फायदा उठाना चाहेंगे। मेहमान टीम के कप्तान का मानना है कि द्रव़िड और युवराज की गैरमौजूदगी में गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग की सलामी ज़ोडी अधिक दबाव होगा।
स्मिथ ने कहा कि मुझे लगता है कि इससे गंभीर और सहवाग पर दबाव बनेगा। उन्हें अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी। उनके पास तीसरे नंबर पर ऐसा कोई बल्लेबाज नहीं है जिसके १०००० रन हो। सहवाग पर भी भारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छोटी श्रृंखला में पहला टेस्ट काफी अहम होता है क्योंकि इसे हारने के बाद वापसी करना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि पहले टेस्ट पर काफी जोर है। इसमें अच्छा खेलना ही होगा। पहला टेस्ट हारने के बाद वापसी करना मुश्किल हो जायेगा। दक्षिण अफ्रीका ने पिछली बार भारत दौरे पर पहला टेस्ट जीतने के बाद मेजबान को वापसी का मौका दे दिया था, लेकिन स्मिथ ने कहा कि इस बार टीम जीतने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि २००८ में हमने अच्छा खेला और जीत के करीब पहुंचे। इस बार हम जीतना चाहते हैं क्योंकि ज्यादा टीमें यहां जीत नहीं सकी है। दौरे का आकलन नतीजों से होगा। हम इस बार कोई कोताही नहीं बरतेंगे।
अंपायर मार्क बेनसन ने संन्यास लिया
दुबई। अनुभवी अंपायर मार्क बेनसन ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर आईसीसी के अंपायरों के एमिरेट्स एलीट पैनल से संन्यास ले लिया है और अब उनकी काउंटी सर्किट में अंपायरिंग के लिए इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से अनुबंध करने की तैयारी है। वर्ष २००६ से बेनसन ने २७ टेस्ट, ७२ एकदिवसीय और १९ टी२० अंतर्राष्ट्रीय मैचों में अंपायरिंग की और उन्हें २००७ और २००८ में आईसीसी पुरस्कारों में अंपायर आफ द ईयर के लिए नामांकित किया गया।
