दक्षिण क्षेत्र की जीत के आगे अ़डे यूसुफ
हैदराबाद। ओपनर चिराग पाठक (१३०) के शानदार शतक और आलराउंडर यूसुफ पठान (नाबाद ८४) की बेहतरीन पारी ने पश्चिम क्षेत्र की दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ दलीप ट्राफी फाइनल में आज चौथे दिन टीम की जीत की उम्मीदों को जिंदा रखा है। पश्चिम क्षेत्र ने जीत के लिए ५३६ रन के बेहद मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे दिन की समाप्ति तक छह विकेट खोकर ३७९ रन बना लिए हैं। उसे अभी जीत के लिए १५७ रन और बनाने हैं,जबकि उसके चार विकेट शेष हैं।
क्रीज पर विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में यूसुफ पठान पश्चिम क्षेत्र की आखिरी उम्मीद बचे हैं। यूसुफ पहली पारी की तरह ही धुआंधार खेलते हुए दूसरी पारी में मात्र ७१ गेंदों पर सात चौकों और पांच छक्कों की मदद से ८४ रन बनाकर विकेट पर डटे हुए हैं। उनके साथ विकेटकीपर बल्लेबाज पीनल शाह खाता खोले बिना क्रीज पर हैं। पश्चिम क्षेत्र ने चौथे दिन सुबह बिना कोई विकेट खोए पचास रन से आगे खेलना शुरू किया और एक समय उसने एक विकेट पर २२४ रन बना लिए थे।
तब ऐसा लगने लगा था कि पश्चिम क्षेत्र जरूर कुछ असंभव काम कर दिखाएगा, लेकिन उसके बाद उसने ७० रन के अंतराल में चार विकेट गंवा दिए। जिससे उसकी खिताब जीतने की उम्मीदों को गहरा झटका लगा। लेकिन यूसुफ अभीतक अपनी टीम की उम्मीदों को जिंदा रखे हुए हैं। उन्होंने अपने छोटे भाई इरफान पठान (४२) के साथ छठे विकेट के लिए ८४ रन की साझेदारी की। इससे पहले ओपनर चिराग ने हर्षद खादीवाले (४५) और कप्तान वसीम जाफर (६६) के साथ दो शतकीय साझेदारियां की।
कल के नाबाद बल्लेबाजों पाठक और खादीवाले ने पश्चिम क्षेत्र की पारी को ५० रन से आगे ब़ढाते हुए पहले विकेट के लिए ११७ रन की साझेदारी की। श्रीकांत अनिरुद्ध ने खादीवाले को आउटकर इस साझेदारी को त़ोडा। हर्षद ने ९७ गेंदों पर ४५ रन की अपनी पारी में नौ चौके लगाए। पहला विकेट गिरने के बाद मैदान में उतरे कप्तान जाफर ने पाठक के साथ विकेट पर टिकने का पूरा संकल्प दिखाया। पाठक और जाफर ने दूसरे विकेट के लिए १०७ रन की साझेदारी की।
इस समय पश्चिम क्षेत्र की स्थिति खासी मजबूत नजर आ रही थी, लेकिन एल्फ्रेड एब्सोलेम ने पाठक को बोल्ड कर पश्चिम क्षेत्र को तगडा झटका दिया। पाठक ने १६८ गेंदों पर १३० रन की अपनी पारी में १६ चौके और तीन छक्के लगाए। पाठक का विकेट गिरने के कुछ देर बाद भविक ठक्कर खाता खोले बिना आउट हो गए। ठक्कर का विकेट श्रीनाथ अरविंद ने लिया। पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले गणपति ने जाफर को पगबाधा कर पश्चिम क्षेत्र को चौथा झटका दे दिया। जाफर ने १३८ गेंदों पर संघर्षपूर्ण ६६ रन की पारी में छह चौके लगाए।
जडेजा एक रन बनाकर औशिक की गेंद पर बोल्ड हो गए। पश्चिम क्षेत्र ने अपना पांचवां विकेट २९४ के स्कोर पर गंवाया। इसके बाद पठान बंधुआं ने मजबूत साझेदारी की, लेकिन दिन का खेल समाप्त होने से कुछ पहले एब्सोलेम ने इरफान को बोल्ड कर दक्षिण क्षेत्र का पल़डा भारी कर दिया।
