आस्ट्रेलिया की पाकिस्तान पर रोमांचक जीत
मेलबर्न। आस्ट्रेलिया ने अपने १२७ रन के मामूली स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए विश्व चैंपियन पाकिस्तान के खिलाफ एकमात्र २०२० अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में दो रन से रोमांचक जीत हासिल कर ली। आस्ट्रेलिया ने इस तरह इस दौरे में पाकिस्तान का टेस्ट, वनडे और २०२० तीनों तरह की क्रिकेट में पूरी तरह सूप़डा साफ कर दिया।
आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शेन वाटसन(८) के रनआउट होने के बाद डेविड वार्नर ने २४, कप्तान माइकल क्लार्क ने ३२ और डेविड हुसै ने नाबाद ४० रन बनाए,लेकिन आस्ट्रेलिया का अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंक़डे में नहीं पहुंच सका और पूरी टीम १८४ ओवर में १२७ रन पर ल़ुढक गई।
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज उमर गुल ने २० रन पर तीन विकेट लेकर आस्ट्रेलिया को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। इस मैच में कप्तानी संभाल रहे शोएब मलिक ने ३१ रन पर दो विकेट तथा मोहम्मद आसिफ और नावेद उल हसन ने एक एक विकेट लिया। पाकिस्तान के लिए १२८ रन का लक्ष्य कोई ब़डा नहीं था, लेकिन कामरान अकमल और कुछ हद तक उनके भाई उमर अकमल (२१) को छ़ोडकर अन्य कोई भी बल्लेबाज विकेट पर टिकने का संकल्प नहीं दिखा पाया।
कामरान जब तक क्रीज पर थे, तो पाकिस्तान के जीतने की उम्मीद बंधी हुई थी। लेकिन ३३ गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से ६४ रन बनाकर पांचवें विकेट के रूप में आउट होने के बाद पाकिस्तान के शेष बल्लेबाज जीत के लिए जरूरी रन नहीं बना सके। आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में सटीकता के साथ गेंदें डालते हुए पाकिस्तान को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया। टेट ने १३ रन पर तीन विकेट और वाटसन तथा स्टीवन स्मिथ ने दो दो विकेट लिए। डर्क नानेस के हिस्से में एक विकेट गया।
