भारत में दोहरा शतक खास : अमला
नागपुर । गुजराती मूल के दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज हाशिम अमला ने आज कहा कि भारतीय सरजमीं पर दोहरा शतक जमाने का उनके लिये खास महत्व है।अमला के दादा गुजरात के रहने वाले थे, लेकिन बाद में वह दअफ्रीका जाकर बस गये थे। वह द अफ्रीकी टीम में जगह बनाने वाले भारतीय मूल के पहले क्रिकेटर हैं और आज नाबाद २५३ रन बनाकर उन्होंने अपने क्रिकेट कौशल का शानदार नमूना पेश किया।
अमला ने कहा कि भारतीय सरजमीं पर दोहरा शतक जमाना बहुत खास और यादगार रहा। मैं वास्तव में शुक्रगुजार हूं कि मुझे इसका मौका मिला। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि इससे टीम अच्छी स्थिति में पहुंची। इस २६ वर्षीय बल्लेबाज ने कहा कि कैलिस के साथ तीसरे विकेट के लिये ३४० रन की लंबी साझेदारी के दौरान उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला। उन्होंने कहा कि मैं अधिक भाग्यशाली रहा, क्योंकि मुझे दोनों छोर से सीखने को मिला।
उन्होंने कहा कि पूरे दिन बल्लेबाजी करके मैं संतुष्ट हूं। मैं हमेशा लंबी से लंबी पारी खेलना चाहता था। भाग्य मेरे साथ रहा जो मुझे जीवनदान भी मिला। पारी में काफी मुश्किलें आयी विशेषकर रिवर्स स्विंग और मुश्किलों का सामना करने में। अमित मिश्रा ने काफी छकाया, लेकिन आगे ब़ढने के लिये आप पीछे म़ुडकर नहीं देखते।
